
भोपाल. कांग्रेस का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर मंथन हो रहा है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर कांग्रेस में गुटबाजी सामने आले लगी है। एक खेमा ज्योतिरादित्य सिंधिया ( Jyotiraditya Scindia ) के साथ तो दूसरा खेमा प्रियंका गांधी ( Priyanka Gandhi ) को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहा है। मध्यप्रदेश की सियासत में ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस अध्यक्ष ( Congress President ) बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को उनके समर्थन में भोपाल में कांग्रेस कार्यालय के बाहर पोस्टर लगाए गए तो अब कई मंत्री भी सिंधिया के समर्थन में आ गए हैं। वहीं, कमल नाथ समर्थक मंत्री प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनानए जाने की मांग करने लगे हैं।
सिंधिया ही विकल्प
कमल नाथ ( Kamal Nath ) सरकार में मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कहा है कि सिंधिया के अध्यक्ष बनने से कांग्रेस को नई ऊर्जा और जोश का संचार होगा। यदि राहुल गांधी ( Rahul Gandhi ) अध्यक्ष नहीं बनते हैं तो इस पद के लिए दूसरा योग्य नाम सिंधिया का ही है। ऐसे में पार्टी को ज्योतिरादित्य सिंधिया को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाहिए। प्रद्युमन सिंह तोमर मध्यप्रदेश सरकार में खाद्य मंत्री हैं।
वहीं, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा- अध्यक्ष तो युवा को ही बनना चाहिए हालांकि अंतिम फैसला दिल्ली में पार्टी संगठन को ही करना है। सिंधिया समर्थक एक और मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया ने कहा सिंधिया के पास अनुभव है। युवाओं की फौज है और वो खुद युवा है। बता दें कि महेन्द्र सिंह सिसोदिया मध्यप्रदेश में श्रम मंत्री हैं।
प्रियंका को अध्यक्ष बनाने की मांग
वहीं, मध्यप्रदेश के लोक निर्माण विभाग के मंत्री सज्जम सिंह वर्मा ने कहा, राहुल गांधी के बाद प्रियंका गांधी को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहिए। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- मध्यप्रदेश कांग्रेस के लिए बाला बच्चन सबसे उपयुक्त नाम है।
दिग्गी समर्थक विधायक भी कर चुके हैं सिंधिया का समर्थन
दिग्विजय सिंह खेमे के माने जाने वाले वाले प्रदेश के सहकारिता मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ गोविंग सिंह सिंधिया को कांग्रेस को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग का समर्थन कर चुके हैं। गोविंद सिंह ने कहा था कि अगर सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है को संगठन में मजबूती आएगी।