
Ladli behna yojana: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना पर बड़ा अपडेट आया है। इस बार योजना की 29वीं किस्त जारी होगी। खुशखबरी ये है कि दिवाली के पांच दिवसीय पर्व पर इस बार लाड़ली बहनों के खाते में 1250 नहीं बल्कि बढ़ी हुई राशि 1500 रुपए भेजे जाएंगे। पात्र महिलाओं के खातों में सीएम मोहन यादव 1500 रुपए सिंगल क्लिक पर ट्रांसफर करेंगे। यह राशि एक साथ 1.27 करोड़ से भी ज्यादा लाड़ली बहनों के खातों में भेजी जाएगी।
-खुशखबरी के बीच बड़ी खबर ये भी है कि कुछ लाड़ली बहनों को 1500 रुपए की ये राशि नहीं मिलेगी।
-कई जिला पंचायतों में महिलाओं की समग्र आईडी डिलीट की गई है। जबकि ये महिलाएं पहले से ही 1250 रुपए की राशि का लाभ ले रही थीं। समग्र आईडी हटने से इनका नाम इस बार लिस्ट में नहीं होगा। तो राशि भी नहीं मिलेगी।
-60 साल की उम्र पार कर चुकीं महिलाओं के नाम भी योजना का आधिकारिक पोर्टल स्वत: ही हटा देता है। इसलिए जिनकी उम्र इस महीने में 60 पूरी कर 61 हो जाएगी, तो उन्हें भी 1500 रुपए की राशि नहीं मिलेगी।
योजना को लेकर MP में भी अब धोखाधड़ी के मामले भी सामने आने लगे हैं। कुछ संगठित लोग गांव-गांव जाकर महिलाओं को यह कहकर लुभा रहे हैं कि अब उन्हें 3000 रुपए की राशि दी जाएगी। और महिलाओं से उनके आधार, बैंक अकाउंट की जानकारी भी मांगते हैं। यह मामला एमपी के भिंड जिले में सामने आया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था। ऐसे लोगों से बचें, क्योंकि सीएम साफ कह चुके हैं कि 3000 रुपए की राशि 2028 तक दी जाएगी।
यदि हर पात्र महिला को 1500 रुपए की राशि दी जाती है, तो सरकार का मासिक व्यय करीब 1 हजार 861 करोड़ रुपए हो जाएगा और वार्षिक व्यय 22 हजार करोड़ के करीब।
जानकारी के मुताबिक 1500 रुपए की 29वीं किस्त की राशि12 अक्टूबर रविवार को जारी करेंगे। ताकि लाड़ली बहनों को त्योहार पर खुशियां मिल सकें। श्योपुर जिले में होने वाले कार्यक्रम से मुख्यमंत्री 1541 करोड़ रुपए लाडली बहनों के खाते में भेजेंगे। यहां महिला सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे।
इसके बाद सीएम 98.87 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी लोकार्पण करेंगे। 460.40 करोड़ के निर्माण तथा विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इस अवसर पर शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे।
- अगर आप भी लाड़ली बहना योजना की पात्र हैं लेकिन आपको योजना का लाभ मिलना बंद हो गया है। तो आप तुरंत नजदीकी केंद्र पर जाकर e-KYC अपडेट कराएं। हो सकता है कि ऐसा करने पर बंद हुई राशि आपको फिर से मिलने लगे।
-लाड़ली बहना योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं और योजना की लिस्ट में अपने नाम की स्थिति को जांचती रहें। अगर लिस्ट में नाम हटाया गया है, जबकि आप पात्र हैं, तो CMO में शिकायत कर सकती हैं। ऐसा करने से आप योजना को लेकर हर नई जानकारी से अपडेट भी होती रहेगी।
-- किसी अज्ञात व्यक्ति को आधार या बैंक विवरण न दें धोखाधड़ी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसा हो तो तुरंत पंचायत में इसकी शिकायत करें।