
MP Bus Fare Hike:मध्यप्रदेश की जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है, मध्यप्रदेश में बसों के किराये में बढ़ोतरी की गई है और इस बढ़ोतरी के बाद अब बस में सफर करने पर दो रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराया देना होगा। बस ऑपरेटर्स की हड़ताल की चेतावनी के बाद मध्यप्रदेश परिवहन विभाग ने बसों के किराए में 75 पैसे प्रति किमी की बढ़ोत्तरी की है। सरकार ने बढ़े हुए किराए का नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है।
परिवहन विभाग के द्वारा बसों के किराये में 75 पैसे प्रति किमी की बढ़ोत्तरी किए जाने के बाद अब 100 किमी के सफर का किराया 200 रुपये देना होगा। पहले 100 किमी तक के सफर के लिए यात्रियों को 125 रुपये किराया चुकाना पड़ता था। बता दें कि दो दिन पहले बस ओनर्स एसोसिएशन के साथ परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बैठक की थी और इस बैठक के बाद इस तरह के संकेत दिए गए थे कि जल्द ही बसों के किराये में बढ़ोत्तरी की जाएगी।
बता दें कि बीते दिनों सागर में बस ओनर्स एसोसिएशन की बैठक हुई थी, इस बैठक में मप्र बस ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया था कि 8 अगस्त तक अगर उनकी 8 सूत्रीय मांगें शासन ने नहीं मानीं तो प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। तब एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा था शासन से पिछले 5 साल से किराया वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।