MP GOVT BONUS इस बार बोनस राशि में खासी कमी आई है।
MP GOVT BONUS MP GOVT TENDUPATTA BONUS CM MOHAN YADAV Vijaypur रक्षाबंधन के साथ ही देशभर में त्यौहारों का सीजन भी चालू हो जाएगा। पर्व मनाने के लिए जेब में अतिरिक्त पैसे हों तो उत्साह दोगुना हो जाता है। ऐसे में मध्यप्रदेश की मोहन यादव सरकार मेहरबान हुई लगती है। राज्य सरकार इस बार 15 लाख से ज्यादा लोगों को बोनस दे रही है। अच्छी बात यह है कि पिछले सालों की तुलना में करीब 4 माह पहले ही बोनस दिया जा रहा है लेकिन खराब बात यह है कि इस बार बोनस राशि में खासी कमी आई है।
मध्यप्रदेश सरकार तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस Bonus दे रही है। संग्राहकों को इस बार तेंदूपत्ते के बोनस के रूप में 115 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। प्रदेश के करीब 15 लाख 38 हजार लोगों को यह बोनस दिया जाएगा।
तेंदूपत्ता संग्राहकों को इसी माह बोनस दे दिया जाएगा। प्रदेश के श्योपुर जिले के कराहल में आयोजित कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव Mohan Yadav बोनस की राशि तेंदूपत्ता संग्राहकों के खातों में डालेंगे। यह क्षेत्र विजयपुर विधानसभा में आता है जहां जल्द ही उपचुनाव होंगे।
राज्य सरकार इस बार करीब चार माह पहले ही तेंदूपत्तों का बोनस बांट रही है। हर बार नवंबर में यह राशि दी जाती थी।हालांकि बोनस की राशि पिछली बार की तुलना में बहुत कम है। पिछले साल तेंदूपत्ता संग्राहकों को 234 करोड़ रुपए मिले थे जबकि इस बार केवल 115 करोड़ का बोनस दिया जाना है। इस प्रकार तेंदूपत्ता संग्राहकों को पूरे 119 करोड़ रुपए कम मिलेेंगे।
प्रदेश में तेंदूपत्ता का संग्रहण वनोपज संघ के माध्यम से कराया जाता है। आधे से ज्यादा सदस्य आदिवासी हैं। ये लोग तेंदूपत्ता तोड़कर इकट्ठा करते हैं और इनकी बिक्री का 75 फीसदी लाभांश बोनस के रूप में बांटा जाता है। बताया जा रहा है कि मौसम की खराबी के कारण इस बार तेंदूपत्ता संग्रहण कम हुआ जिससे बोनस राशि भी घट गई।