
Kal Ka Mausam:मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के कई जिलों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 27 जुलाई के लिए पूरे प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कई इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है। इसके साथ ही प्रदेशभर में आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास बना मजबूत मौसमी सिस्टम अब आगे बढ़ चुका है। वहीं, राजस्थान और मध्य भारत के ऊपर मानसून ट्रफ सक्रिय है। इसके कारण मध्य प्रदेश में लगातार नमी बनी हुई है और बारिश का सिलसिला जारी है। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का असर बना रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, बालाघाट और पांढुर्णा में अधिकांश स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसके अलावा रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, टीकमगढ़, निवाड़ी, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और मैहर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
राजधानी भोपाल के अलावा इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, धार, मुरैना, खरगोन, खंडवा, देवास, रतलाम, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, दतिया और भिंड में भी हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही, बिजली कड़कने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अनप्लग रखने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की भी सलाह दी गई है।