भोपाल

एमपी में आज से नया सिस्टम एक्टिव, 3 दिन तूफानी बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

New Weather System Active : एमपी में आज 07 अप्रैल से एक नया सिस्टम एक्टिव हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 3 दिन प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि, 11 अप्रैल से एक और नई मौसम प्रणाली सक्रिय होने की संभावना है।
2 min read
New Weather System Active
एमपी में आज से नया सिस्टम एक्टिव (photo Source- Patrika)

New Weather System Active :मध्य प्रदेश में अप्रैल माह की शुरुआत किसी मानसूनी सीजन की तरह हुई है। अबतक एक के बाद एक मौसम प्रणालियों के चलते पूरे राज्य में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला। लेकिन, मौसम का नया अपडेट ये है कि, गर्मी के दिनों में बारिश का ये दौर अभी थमा नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अब एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव हो गया है। जिसके चलते अगले तीन दिन तक प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से मौसम का बदला हुआ मिजाज देखने को मिलेगा। 9 अप्रैल तक तेज आंधी-बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कई जिलों में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी चल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, जिसके चलते प्रदेश में प्री-मानसून के समान गतिविधि देखने को मिल रहा है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और विदर्भ के पास बना चक्रवाती परिसंचरण के चलते कई जगहों पर तेज आंधी और बारिश होने के आसार हैं। 8 और 9 अप्रैल को प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में प्रणाली का असर रहेगा।

आज 34 जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, आज प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, विदिशा, गुना, मंदसौर, मुरैना, मऊंगज, मैहर, भिंड, दमोह, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, शहडोल, शाजापुर, सागर, सिंगरौली, सतना, सीधी, अशोकनगर, आगर मालवा, अनूपपुर, रीवा, रतलाम, राजगढ़, निवाड़ी, नीमच, छतरपुर, टीकमगढ़, उमरिया, डिंडोरी, कटनी और पन्ना जिले में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।

तेज आंधी भी चलेगी

इस दौरान संबंधित जिलों के अधिकतर इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना है। जबकि कुछ इलाकों में हवा की स्पीड 60 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है। दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा।

दो दिन और रहेगा असर

8 और 9 अप्रैल को भी ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में इस सिस्टम का असर जारी रहेगा। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी हिस्से में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है।

पहले भी दिखा असर

इससे पहले 4 से 6 अप्रैल के बीच प्रदेश में ओलावृष्टि और तेज आंधी-बारिश का दौर देखने को मिला था। कई जिलों में मौसम ने जोरदार असर दिखाया था। आमतौर पर अप्रैल-मई में तेज गर्मी पड़ती है, लेकिन इस बार बार-बार सक्रिय हो रहे सिस्टम के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। फिलहाल प्रदेश में मौसम का मिजाज मिला-जुला बना रहेगा।

Updated on:
07 Apr 2026 09:14 am
Published on:
07 Apr 2026 09:14 am