भोपाल

एमपी में बेमौसम बरसात ने बढ़ाई ठंड, 5 डिग्री लुढ़का पारा, 7 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट

MP Weather Alert : मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के पूर्वी हिस्से के 7 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। जबकि, 32 जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
2 min read
MP Weather Alert
एमपी में बेमौसम बारिश ने बदला मौसम (Photo Source- Patrika)

MP Weather Alert : एक के बाद एक लगातार बन रहे सिस्टमों के चलते मध्य प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। बीते 24 घंटों में भोपाल समेत करीब 15 जिलों में बौछारें पड़ीं। जबकि, भिंड और श्योपुर जिले में ओले भी गिरे। लगातार जारी आंधी-बारिश के चलते प्रदेश में पारा लुढ़का है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से के 7 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। जबकि, 32 जिलों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। 10 अप्रैल से बारिश वाले सिस्टम पर तीन दिन का ब्रेक लग सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि, आगामी 10, 11 और 12 अप्रैल को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। 11 अप्रैल को नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है, इससे गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

कहीं गरज-चमक तो कहीं बारिश

बुधवार को जबलपुर, भेड़ाघाट, नरसिंहपुर में गरज के साथ बिजली चमकी। जबकि, बालाघाट, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, भिंड, श्योपुर, दतिया, रायसेन, सागर, दमोह, उत्तरी छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हुई। ओरछा में ये 52 मिमी और शिवपुरी में 29.2 मिमी रिकॉर्ड की गई।

32 जिलों में तेज हवाएं टलने की संभावना

इसके अलावा प्रदेश के 32 जिलों में तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है। इनमें दतिया, भिंड, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकला, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनुपपुर, शहडोल, उमारिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर और मैहर शामिल हैं।

इन सिस्टमों ने बिगाड़ा एमपी का मौसम

पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर के ऊपर हवा का घेरा बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्र पर बना हवा का घेरा अब उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है। एक ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और दक्षिण पाकिस्तान के ऊपर बना हुआ है। एक ऊपरी हवा का घेरा छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना हुआ है। उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर भारत के ऊपर चल रही है।

प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान

शहर -- अधिकतम -- न्यूनतम

-भोपाल -- 33.2 -- 22.0 डिग्री सेल्सियस
-इंदौर -- 32.2 -- 21.5 डिग्री सेल्सियस
-ग्वालियर -- 30.8 -- 17.7 डिग्री सेल्सियस
-जबलपुर -- 31.1 -- 20.0 डिग्री सेल्सियस

Updated on:
09 Apr 2026 09:03 am
Published on:
09 Apr 2026 09:01 am