भोपाल

उपचुनाव को एमपी के भविष्य का चुनाव बता रहे हैं कमलनाथ फिर भी क्यों ‘खामोश’ है कांग्रेस का ये ‘चाणक्य’

दिग्विजय सिंह सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार भाजपा पर हमला कर रहे हैं।
3 min read
• •
Updated: 9 Oct 2020, 12:47 PM IST
उपचुनाव को एमपी के भविष्य का चुनाव बता रहे हैं कमलनाथ फिर भी क्यों 'खामोश' है कांग्रेस का ये 'चाणक्य'
उपचुनाव को एमपी के भविष्य का चुनाव बता रहे हैं कमलनाथ फिर भी क्यों 'खामोश' है कांग्रेस का ये 'चाणक्य'

भोपाल. मध्य प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेता लगातार चुनावी रैलियां कर रहे हैं, लेकिन इन सबके बीच कांग्रेस के 'चाणक्य' कहे जाने वाले दिग्विजय सिंह चुनावी रैलियों में दिखाई नहीं दे रही हैं। ऐसे में एक बार फिर से सवाल उठने लगा है कि क्या फिर से चुनाव में दिग्विजय सिंह को साइड लाइन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ती तरफ से यूं तो कई नेता चुनावी मोर्चा संभाले हुए हैं लेकिन पूर्व सीएम कमल नाथ अकेले ही चुनावी रैलियों में दिखाई दे रहे हैं।

कमलनाथ लगातार चुनावी रैलियों के साथ-साथ बूथ लेवल से लेकर माइक्रो मैनेजमेंट तक का काम संभाल रहे हैं, लेकिन इन सबके बीच दिग्विजय सिंह गायब हैं। वहीं , दूसरी तरफ भाजपा का आरोप है कि अगर उपचुनाव में कांग्रेस की जीत होती है एक बार फिर से दिग्विजय सिंह पर्दे के पीछे से मुख्यमंत्री बन जाएंगे।

दिग्विजय सिंह का पोस्टर भी नहीं
देवास जिले की हाटपिपलिया सीट में हाल में ही लगाया गए पोस्टर भी सुर्खियों में थे। यहां कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में लगाए गए पोस्टरों में दिग्विजय सिंह की फोटो नहीं थी। जबकि माना जाता है कि दिग्विजय सिंह ही कांग्रेस के एक ऐसे नेता हैं जिनका मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र में प्रभाव है। इस पोस्टर में कमलनाथ के साथ सज्जन सिंह वर्मा की फोटो थी लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की फोटो नहीं थी। बता दें कि कांग्रेस ने राजबीर सिंह बघेल को हाटपिपलिया विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है।

भाजपा का आरोप
राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि 28 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में अगर कांग्रेस की जीत होती है तो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर पर्दे के पीछे से मुख्यमंत्री बन जाएंगे। कमलनाथ की नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा था कि उनका रिमोट कंट्रोल अभी भी दिग्विजय सिंह के हाथों में है। टिकटों के बंटवारे को लेकर भी दिग्विजय सिंह की भूमिका मध्य प्रदेश उपचुनाव में दिखाई नहीं दी थी। हालांकि कहा जा रहा है कि कई ऐसे उम्मीदवार हैं जो दिग्विजय सिंह की पसंद के हैं और कांग्रेस ने उन्हें टिकट दिया है। दिग्विजय सिंह को हाल ही में कांग्रेस की वर्किंग कमेटी में भी शामिल किया गया है और वो लगातार दूसरी बार राज्यसभा सांसद भी चुने गए हैं।

2018 में वायरल हुआ था वीडियो
2018 के विधानसभा चुनाव में दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में दिग्विजय सिंह कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कह रहे थे- जिसे भी टिकट मिले, चाहे दुश्मन को ही मिले उसे जिताओ। मेरा काम केवल एक है कोई प्रचार नहीं हुई कोई भाषण नहीं। क्योंकि मेरे भाषण देने से तो कांग्रेस के वोट कट जाते हैं इसलिए मैं नहीं जाता हूं।

कुशल रणनीतिकार
दिग्विजय सिंह को 2018 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा समन्वय समिति का काम किया गया था। दिग्विजय सिंह ने पर्दे के पीछे से मध्यप्रदेश में कांग्रेस की बगावत को थामने के लिए कोऑर्डिनेटर का काम किया था। कई ऐसी विधानसभा सीटें थी जहां बागियों का खतरा था लेकिन दिग्विजय सिंह ने उनकी नाराजगी दूर की थी। दिग्विजय सिंह को एक कुशल रणनीतिकार माना जाता है। दिग्विजय सिंह 10 साल तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। दिग्विजय सिंह 1993 से 2003 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। 2003 में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने 10 साल तक राजनीतिक वनवास लेने की घोषणा की थी। इस दौरान वह सक्रिय राजनीति से दूर थे। 10 सालों का वनवास पूरा करने के बाद राजनीति में लौटे थे उस दौरान उन्हें कांग्रेस ने पार्टी का महासचिव और राज्यसभा सांसद बनाया था।

2018 के विधानसभा चुनाव से पहले दिग्विजय सिंह की नर्मदा यात्रा भी काफी सुर्खियों में रही थी। जानकारों का कहना है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की वापसी की एक बड़ी वजह से दिग्विजय सिंह की नर्मदा यात्रा की थी। अब ऐसे में एक बड़ा सवाल यह है कि जब 28 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ इस चुनाव को मध्यप्रदेश के भविष्य का चुनाव बता रहे हैं। ऐसे में चाणक्य की भूमिका में रहने वाले दिग्विजय सिंह इतने खामोश क्यों हैं। हालांकि दिग्विजय सिंह सोशल मीडिया के जरिए लगातार टिप्पणी कर रहे हैं। भाजपा उम्मीदवारों पर और भाजपा के बड़े नेताओं पर हमला बोल रहे हैं, लेकिन क्षेत्र में दिग्विजय सिंह की सक्रियता कमलनाथ के मुकाबले कम दिखाई देती है। दिग्विजय सिंह ने अभी तक केवल दो से तीन सभाओं को ही संबोधित किया है।

Published on: