बीकानेर

Rajasthan: 15 फीट लंबी तलवार… 10 फीट की ढाल, 75 फीट ऊंचे रावण का रिमोट से होगा दहन

दशहरा के दिन रावण के पुतले का दहन रिमोट से होगा। पुतले की नाभि में चकरी चलेगी। रावण के मुकुट और आंखों में लाइटें जलेगी।
2 min read
Sep 29, 2025
Bikaner Ravan
भीनासर में रावण की 6 फीट लंबी मूछ लगाते कार्यकर्ता (फोटो-पत्रिका)

बीकानेर। मुरली मनोहर मैदान भीनासर में दशहरा उत्सव 2 अक्टूबर को मनाया जाएगा। दशहरा कमेटी की ओर से 75 फीट ऊंचे रावण के पुतले को तैयार किया जा रहा है। यहां विगत 31 वर्षों से दशहरा उत्सव मनाया जा रहा है। दशहरा उत्सव से जुड़े कुसम कांत जोशी के अनुसार रावण के हाथ में 15 फीट लंबी तलवार और 10 फीट आकार की ढाल बनाई गई है।

दशहरा के दिन रावण के पुतले का दहन रिमोट से होगा। पुतले की नाभि में चकरी चलेगी। रावण के मुकुट और आंखों में लाइटें जलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले 18 दिनों से रावण के पुतले को बनाने का कार्य चल रहा है। स्थानीय निवासी ही रावण के पुतले को तैयार करने में जुटे हैं।

क्षेत्र के जुटे युवा, रावण पुतले को दिया आकार

मुरली मनोहर मैदान भीनासर में होने वाले दशहरा उत्सव में स्थानीय निवासी ही रावण के पुतले को तैयार करते हैं। बाहर से किसी कारीगर को पुतला बनाने के लिए नहीं बुलाया जाता है। कमेटी से जुड़े कुसम कांत के अनुसार 31 वर्ष पूर्व क्षेत्र के युवाओं ने अपने स्तर पर ही रावण के पुतले को बनाने का मानस बनाया और कठोर परिश्रम के बाद पुतले को तैयार कर दिया। साल दर साल पुतले का आकार बढ़ने के साथ-साथ इसमें कई नवाचार भी किए जाते रहे।

इनसे तैयार हो रहा रावण पुतला

भीनासर दशहरा उत्सव के लिए रावण के पुतले को थर्माकोल, बांस, सुतली, फेविकोल, कागज, कलर फुल अबरी इत्यादि से तैयार किया जा रहा है। करीब 25 से 30 कार्यकर्ता रात-दिन पुतले को तैयार करने में जुटे हुए हैं। यहां दशहरा के दिन बड़ी संख्या में लोग उत्सव स्थल पर मौजूद रहते हैं। पुतला बनाने की टीम में हरिओम सुथार, घनश्याम सुथार, कुसम कांत जोशी, जगदीश सुथार, विष्णु सुथार, पुखराज सुथार, हेमेन्द्र जोशी, जे पी सुथार, श्रीधर सोलंकी, सीताराम, बंटी, मेघराज, किशन सेवग, विदित, कुशल, नरेश पंवार, अभिमन्यु, सूर्य प्रकाश, कमल, आशीष, दिनेश, पुष्पेन्द्र सिंह आदि कार्यकर्ता जुटे हैं।

Updated on:
29 Sept 2025 09:12 pm
Published on:
29 Sept 2025 09:12 pm