बीकानेर

Bikaner Crime : लंबे समय से फरार आरोपी पुलिस को देख नहर में कूदा, जवानों ने फिल्मी अंदाज में दबोचा

Bikaner Crime : बीकानेर में एक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नहर में कूद गया। पर पुलिस भी कम नहीं थी। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में आरोपी गिरफ्तार कर लिया।
2 min read
Bikaner police seeing accused jumped into canal workers caught him in filmy style
पुलिस जवानों ने आरोपी को नहर में पकड़ा। फोटो पत्रिका

Bikaner Crime : बीकानेर में एक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी पुलिस टीम को देखकर गिरफ्तारी से बचने के लिए अनूपगढ़ शाखा नहर में कूद गया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने फिल्मी अंदाज में आरोपी को धर दबोचा। हिम्मत दिखाते हुए पुलिसकर्मी नहर में उतर गए और उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान अमित विश्नोई, मंगल सिंह और गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू को नामजद किया गया था। इनमें से अमित विश्नोई और मंगल सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि गजेंद्र सिंह फरार चल रहा था।

बीकानेर में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सहायक उप निरीक्षक मांगीलाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और अनूपगढ़ शाखा नहर में कूद गया।

आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस

आरोपी को भागता देख पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नहर में उतरकर उसका पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

मामला यह था….

जानकारी के अनुसार, मामला खाजूवाला निवासी सुखदेव नारायण कुमावत की रिपोर्ट पर दर्ज किया गया था। 31 मार्च 2026 को दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि कृषि मंडी स्थित उसकी दुकान के बाहर रखे सरसों के तीन कट्टे 28-29 मार्च की रात चोरी कर लिए गए थे। इसके आधार पर खाजूवाला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इस मामले में पुलिस ने अमित विश्नोई और मंगल सिंह को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि गजेंद्र सिंह लंबे समय से फरार था।

22 हजार नशे की टैबलेट के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

एक अन्य मामले में महाजन में ऑपरेशन नीलकंठ अभियान के तहत पुलिस ने रविवार को 22 हजार नशे की गोलियों के साथ एक युवक को दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कार भी जब्त की है। अरजनसर पल्लू मेगा हाइवे पर जैतपुर चौकी के आगे नाकाबंदी के दौरान लूणकरनसर से पंजाब की ओर जा रही एक कार को रुकवाकर तलाशी ली, तो कार में 22 हजार नशे की ट्रॉमाडॉल टेबलेट मिली।

कार चालक सरदारपुरा निवासी जीतराम से पूछताछ की, तो उसने ये टेबलेट पंजाब में सप्लाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को नशे की गोलियों के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस ने अवैध नशा परिवहन में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली।

Updated on:
01 Jun 2026 01:03 pm
Published on:
01 Jun 2026 01:02 pm