बीकानेर

Rajasthan : खड़े डम्पर में घुसी कार, मां, बेटे व पत्नी समेत चार की मौत, जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे

बीकानेर के लूणकरनसर कस्बे में सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
2 min read
Aug 05, 2026
bikaner car accident
हादसे में क्षतिग्रस्त कार। फोटो पत्रिका

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में बुधवार दोपहर को एक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर लूणकरनसर कस्बे के विश्वकर्मा मार्केट में किनारे खड़े डम्पर में पीछे से एक कार जा घुसी। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सभी एक ही परिवार के थे तथा बीकानेर में रिश्तेदार की बच्ची के जन्मदिन पार्टी में शामिल होने जा रहे थे।

लूणकरनसर थानाधिकारी गणेश कुमार बिश्नोई ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के करणपुर निवासी संदीप शर्मा पुत्र बद्रीप्रसाद शर्मा, उसकी पत्नी कृतिका शर्मा, मां जीवन आशा पत्नी बद्रीप्रसाद शर्मा व चाची सुषमा शर्मा कार से बीकानेर की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 3.30 बजे तेज गति से जा रही कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े डम्पर में पीछे से जा घुसी।

हादसे में क्षतिग्रस्त कार

कार का आगे का हिस्सा चकनाचूर

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि डम्पर के नीचे घुसी कार का आगे का हिस्सा चकनाचूर हो गया और कार में सवार चारों लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मार्केट के दुकानदारों व पुलिस ने कार में फंसे लोगों को निकालकर लूणकरनसर के राजकीय उप जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया तथा गंभीर घायल एक महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।

यह भी वीडियो देखें:

जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रहे थे

कार में सवार लोग करणपुर से रवाना होकर बीकानेर में जयपुर रोड स्थित आरकेपुरम कॉलोनी में रहने वाले रिश्तेदार रामकुमार शर्मा की पोती के जन्मदिन पर बुधवार को पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। रामकुमार शर्मा मृतक संदीप शर्मा के मामा व मृतका जीवन आशा के भाई हैं। हादसे के बाद घटना स्थल पर पहुंचे रामकुमार शर्मा की रूलाई फूट पड़ी।

Updated on:
05 Aug 2026 06:23 pm
Published on:
05 Aug 2026 06:22 pm