
फाइल फोटो- मृतक शुभम (Patrika)
राजस्थान के अजमेर में सावन माह में आस्था की कांवड़ यात्रा बुधवार को गेगल थाने के सामने दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। थाने के सामने तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने पुष्कर से कावड़ लेकर जा रहे किशनगढ़ के कांवडियों को टक्कर मार दी। हादसे में शुभम की मौत हो गई जबकि उसका छोटा भाई जख्मी हो गया। घटना से आक्रोशित श्रद्धालुओं ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी। उसे गेगल थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह किशनगढ़ के तीन कांवड़ यात्री पुष्कर से कावड़ लेकर किशनगढ़ की तरफ जा रहे थे। तभी गेगल थाने के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनको अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में शुभम ट्रेलर के आगे के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि उसका छोटा भाई प्रदीप घायल हो गया। घायल प्रदीप को तत्काल जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित भीड़ ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची अजमेर के गेगल थाना पुलिस ने चालक से भीड़ के छुड़ाकर हिरासत में लिया।
पुलिस ने मृतक शुभम के शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। इसके बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन के सुपुर्द कर दिया। कावड़िए देवराज ने बताया कि वह शुभम और प्रदीप के साथ में कावड़ लेकर रवाना हुआ। दोनों भाइयों ने एक साथ कावड़ ले रखी थी। बुधवार सुबह गेगल थाने के सामने ट्रेलर ने दोनों भाइयों को टक्कर मार दी। जिसमें शुभम की घटनास्थल पर मौत हो गई।
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि कावड़ लेने पुष्कर गए शुभम और प्रदीप ने कावड़ लेकर लौटने के दौरान राजमार्ग पर न केवल फोटो खिंचवाई बल्कि सोशल मीडिया पर रील भी अपलोड की, लेकिन यह बुधवार सुबह दोनों भाइयों की एक साथ अंतिम रील साबित हुई। इससे पहले भी शुभम व प्रदीप ने दोस्त देवराज के साथ रील बनाने के साथ फोटो खिंचवाई थी।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन राहगीर व अन्य लोगों ने उसको दबोच लिया। ट्रेलर चालक ने हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि उसकी गलती नहीं है, लेकिन आक्रोषित भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी। हालांकि समय रहते पुलिस के पहुंचने से चालक को भीड़ से बचा लिया गया।
ट्रेलर की टक्कर से कावड़ लेकर जा रहे किशोर की मृत्यु हो गई। ट्रेलर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर रखा है।
Updated on:
05 Aug 2026 05:30 pm
Published on:
05 Aug 2026 05:02 pm
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
