22 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bikaner Deputy Mayor Election:  BJP ने ‘गहलोत’ को बनाया प्रत्याशी, क्या होगा बड़ा उलटफेर? चर्चा में दिलचस्प मुकाबला

बीकानेर डिप्टी मेयर चुनाव में नया मोड़! मेयर चुनाव हारने के बाद BJP ने पंकज गहलोत पर खेला दांव। कांग्रेस ने उतारे 4 उम्मीदवार। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
3 min read
Google source verification
bikaner deputy mayor election bjp nominates pankaj gehlot congress 4 forms

BJP V/S Congress : Demo PIC

राजस्थान के बीकानेर नगर निगम में उप-महापौर चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण पल-पल बदलते नजर आ रहे हैं। महापौर की कुर्सी गंवाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अब डिप्टी मेयर के पद पर मुकाबला कड़ा करने के लिए अपने पार्षद पंकज गहलोत को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित कर दिया है। 80 सदस्यीय बीकानेर नगर निगम बोर्ड में भाजपा के पास केवल 27 पार्षदों का ही संख्या बल है, फिर भी पार्टी नेतृत्व को उलटफेर की उम्मीद है। दूसरी तरफ, पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ रही कांग्रेस पार्टी ने अपने खेमे में किसी भी तरह की बगावत को रोकने के लिए अनोखा मास्टरप्लान तैयार किया है। पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल की देखरेख में कांग्रेस की ओर से चार वरिष्ठ पार्षदों—नजमा बानो, जावेद पंवार, मनोज बिश्नोई और सपना मारू से नामांकन दाखिल करवाया जा रहा है, ताकि ऐन वक्त पर आपसी सहमति बनाकर बाकी पर्चे वापस लिए जा सकें।

भाजपा ने 'गहलोत' को बनाया उम्मीदवार

बीकानेर नगर निगम चुनाव के नतीजों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था और हाल ही में संपन्न हुए महापौर चुनाव में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद, भाजपा ने हार मानने के बजाय रणनीतिक कदम उठाते हुए पंकज गहलोत को उप-महापौर पद का उम्मीदवार बनाया है। पंकज गहलोत बीकानेर नगर निगम चुनाव में वार्ड संख्या 51 से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर पार्षद चुने गए हैं। उन्होंने सामान्य वार्ड से जीत दर्ज की है।

इधर, स्थानीय राजनीतिक हलकों में 'गहलोत' सरनेम वाले प्रत्याशी को मैदान में उतारकर भाजपा द्वारा विपक्षी खेमे के असंतुष्ट व निर्दलीय पार्षदों में सेंध लगाने और क्रॉस-वोटिंग कराने की संभावना जताई जा रही है।

कांग्रेस रणनीति: भरे जा रहे हैं 4 नामांकन

बीकानेर में अपने उप-महापौर का बनना तय मान रही कांग्रेस पार्टी किसी भी तरह का कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। कांग्रेस नेतृत्व ने क्षेत्रीय, धार्मिक और सामाजिक संतुलन साधने के लिए अल्पसंख्यक समुदाय के साथ-साथ मूल ओबीसी (OBC) वर्ग से प्रत्याशियों के पर्चे तैयार करवाए हैं। जानकारी के अनुसार कांग्रेस अपने वरिष्ठ पार्षदों नजमा बानो, जावेद पंवार, मनोज बिश्नोई और सपना मारू से आवेदन करवा रही है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल और पूर्व मंत्री बी. डी. कल्ला का प्लान है कि संवीक्षा पूरी होने तक चारों प्रत्याशियों के फॉर्म वैध रखे जाएं। इसके बाद दोपहर 2 बजे नाम वापसी के समय सर्वसम्मति बनाकर केवल एक आधिकारिक प्रत्याशी का नाम मैदान में रखा जाएगा और बाकी 3 नामांकन वापस खींच लिए जाएंगे।

जानिए बीकानेर उप-महापौर चुनाव का मिनट-टू-मिनट टाइमटेबल

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित समय-सारणी के अनुसार बीकानेर नगर निगम मुख्यालय में डिप्टी मेयर के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी करवाई जा रही है:

सुबह 10 बजे: नगर निगम सभागार में सभी नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक की शुरुआत।

सुबह 11 बजे तक: उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने का समय।

सुबह 11:30 बजे से: रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नामांकन पत्रों की संवीक्षा ।

दोपहर 2 बजे तक: अभ्यर्थियों द्वारा अपनी उम्मीदवारी वापस लेने की मियाद।

दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक: यदि एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं तो पार्षदों द्वारा मतदान।

शाम 5 बजे के बाद: मतदान खत्म होते ही मतगणना और बीकानेर के नए उप-महापौर के नाम की आधिकारिक घोषणा।

क्या बीकानेर में होगा कोई बड़ा उलटफेर?

बीकानेर नगर निगम की राजनीति में फिलहाल यह सवाल हर किसी की जुबान पर है कि क्या 27 पार्षदों के साथ उतरी भाजपा अपनी रणनीति के दम पर जादूई आंकड़ा छू पाएगी या फिर कांग्रेस अपने 4 चेहरों की बाड़ेबंदी और रणनीति के बल पर उप-महापौर की कुर्सी पर कब्जा जमाएगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीकानेर का यह चुनावी मुकाबला और भी स्पष्ट हो जाएगा।