बीकानेर

Bikaner : श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के दो परिवारों के लिए ‘मंगल’ बना अमंगल, अलग-अलग घटनाओं में 2 मासूमों की जान गई

Bikaner : बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में 2 अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने हर किसी को झकझोर दिया। खेलते-खेलते 2 मासूम बच्चों की जान चली गई। इन हृदयविदारक घटनाओं के बाद परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
2 min read
Bikaner Sri dungargarh region Sanket died in Udrasar and Jyoti died Bigga village
Bikaner : श्रीडूंगरगढ़ में मृतक संकेत। फाइल फोटो पत्रिका

Bikaner : बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने हर किसी को झकझोर दिया। खेलते-खेलते 2 मासूम बच्चों की जान चली गई। सात वर्षीय बालिका खेत में बनी पानी की डिग्गी में गिरने से डूब गई, जबकि पांच वर्षीय बालक घर में मेहमानों के लिए बनाई गई गर्म सब्जी के बरतन में गिरने से गंभीर रूप से झुलस गया। पहली घटना श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के उदरासर गांव की है। परिवादी कानाराम मेघवाल ने बताया कि उसके भाई के निधन के बाद घर में शोकसभा चल रही थी।

घर आए मेहमानों के लिए खाना बनाया गया था। इस दौरान उसका पांच वर्षीय पोता संकेत खेलते-खेलते अचानक ठोकर लगने से गर्म सब्जी से भरी बरतन में गिर गया। परिजनों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्चे के पिता मजदूरी करते हैं। संकेत तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके 3 साल की बहन और 7 साल का भाई है।

ज्योति पानी की डिग्गी में गिरी, मौत

दूसरी घटना बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के बिग्गा गांव की है। परिवादी हेमाराम नायक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी सात वर्षीय पुत्री ज्योति मंगलवार सुबह करीब 10 बजे खेत में खेल रही थी। इस दौरान वह पास में बनी पानी की डिग्गी में गिर गई। खेत में कार्य कर रहे उसके चाचा जयपाल ने बच्ची को बाहर निकालकर गांव के अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे उपजिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजन मोटरसाइकिल से बच्ची को उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोनों मामलों में पुलिस ने शुरू की जांच

इन हृदयविदारक घटनाओं के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवाया और दोनों मासूमों के शव उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिए। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
04 Aug 2026 10:17 pm
Published on:
04 Aug 2026 10:17 pm