बीकानेर

नकली बीज मामला: जुगल किशोर समेत 6 आरोपी 5 दिन के रिमांड पर, ACB ने अब तक 2.44 करोड़ रुपए किए जब्त

Rajasthan Fake Seed Case: नकली बीज मामले में पकड़े गए राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई समेत छह आरोपियों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बीकानेर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया।

2 min read
Jun 08, 2026
Bikaner Fake seed case
पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट से बाहर लाती एसीबी की टीम। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। नकली बीज मामले में पकड़े गए राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई समेत छह आरोपियों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को बीकानेर एसीबी स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जहां से सभी आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया। बता दें कि एसीबी ने शनिवार को राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई समेत छह जनों को गिरफ्तार किया था।

एसीबी ने निदेशक के घर से 1.59 करोड़ रुपए तथा उनके भांजे के पास से 85 लाख रुपए नकद बरामद किए है। अब तक कुल 2.44 करोड़ रुपए की नकदी जब्त की जा चुकी है। इस कार्रवाई को किसानों और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में अब तक की सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

एसीबी ने निदेशक जुगल किशोर को जयपुर में बी-टू बायपास स्थित अरावली अपार्टमेंट से, करोड़ों की घूस देने वाले गजराज ब्रांड के प्रोपराइटर किरण कापड़िया को टोंक रोड स्थित होटल से तथा गणपत विश्नोई को एमएलए क्वार्टर से हिरासत में लिया था। किरण कापड़िया शुक्रवार शाम गुजरात से जयपुर पहुंचा था। गणपत के फलौदी स्थित आवास पर भी तलाशी ली गई, लेकिन 60 लाख रुपए बरामद नहीं हुए। मामले में दलाल सुनील सेतिया औ​र सतपाल को भी देर रात गिरफ्तार किया था।

बस में भेजे जा रहे थे 90 लाख

एसीबी को सूचना मिली कि रिश्वत की राशि में से 90 लाख जुगल किशोर अपने भांजे स्वतंत्र विश्नोई के जरिए श्रीगंगानगर भिजवा रहे हैं। इस पर टीम ने लूणकरणसर में बस रुकवाकर तलाशी ली और स्वतंत्र से 85 लाख बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जुगल के घर से 1.59 करोड़ बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली बीज प्रकरण में कार्रवाई को प्रभावित करने, प्रयोगशाला से नमूने पास करवाने और बीजों की बिक्री दोबारा शुरू कराने के लिए कई स्तरों पर संपर्क साधे गए थे।

जुगल किशोर की कुछ माह पहले हुई थी पॉलिटिकल नियुक्ति

एसीबी की ओर से पकड़े गए राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई की कुछ माह पहले ही पॉलिटिकल नियुक्ति हुई थी। बताया जा रहा है कि उनकी नियुक्ति एक पूर्व विधायक की सिफारिश पर की गई थी। जिनके साथ पहले जुगल किशोर काम भी कर चुके हैं।

Updated on:
08 Jun 2026 02:21 pm
Published on:
08 Jun 2026 02:19 pm