
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। पत्रिका फाइल फोटो
जयपुर। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि मैं न होता तो आपकी राजनीति खत्म हो जाती। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डर मेरे खून में नहीं है। दरअसल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के सचिन पायलट का रास्ता रोकने वाले बयान पर अशोक गहलोत ने कहा था कि शेखावत डरा हुआ आदमी है। पता नहीं कब मंत्री पद से छुट्टी हो जाए। इस बयान के बाद अब गजेंद्र सिंह शेखावत ने अशोक गहलोत पर पलटवार किया है।
केंद्रीय कला संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को एक्स पर लिखा कि मैं पूज्य वीर दुर्गादास राठौड़ की परंपरा का अनुयायी हूं गहलोत जी, डर मेरे खून में नहीं है। आपको तो उल्टे अपने अप्रासंगिक हो जाने का भय सताता रहता है, इसलिए आप लगातार मेरे खिलाफ बोलते रहते हैं। सच तो यह है कि मैं न होता, तो आपकी राजनीति ही खत्म हो जानी थी।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मैं आपकी तरह किसी एक परिवार का सेवक नहीं हूं। आपका पूरा राजनीतिक जीवन पद लोलुपता और सत्ता से चिपके रहने का प्रमाण रहा है, इसलिए कम से कम आपसे मुझे किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं। आप ध्यान भटकाने की राजनीति करते रहिए, मैं जनसेवा के अपने संकल्प पर प्रतिबद्ध हूं। बाकी… समय स्वयं सबको जवाब दे देगा।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 6 जून को जोधपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा था कि पश्चिम बंगाल का बहाना बनाकर गहलोत राजस्थान के पुराने जिन्न को बोतल से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। जब-जब कांग्रेस आलाकमान सचिन पायलट को कोई नई जिम्मेदारी या फिर पद देने का विचार करता है। तब-तब सचिन पायलट का रास्ता रोकने के लिए अशोक गहलोत बोतल से जिन्न को बाहर ले आते हैं। इस बयान के बाद ही दोनों नेताओं के बीच सियासी वार-पलटवार शुरू हो गई।
यह वीडियो भी देखें
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के बयान के बाद अगले ही दिन अशोक गहलोत ने कहा था कि शेखावत डरा हुआ आदमी है, अपना मंत्री पद बचाए, पता नहीं कब छुट्टी हो जाए। साथ ही गहलोत ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर आरोप लगाया था कि पायलट खेमे के विधायकों को मानेसर ले जाने की साजिश में शेखावत और जफर इस्लाम दोनों की सक्रिय भूमिका थी। गजेंद्र सिंह बार-बार बोलते हैं, लेकिन अपना वॉयस सैंपल आज तक नहीं दिया। क्यों?
संबंधित विषय:
Updated on:
08 Jun 2026 12:34 pm
Published on:
08 Jun 2026 12:34 pm
