बीकानेर

बीकानेर में परीक्षा बनी मजाक! ड्यूटी से टीचर गायब, छात्रों ने जमकर की नकल; वीडियो हो रहा वायरल

Bikaner News: बीकानेर के नोखा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में 11वीं की परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल का वीडियो सामने आया है। जानिए पूरा मामला।
less than 1 minute read
Mar 18, 2026
Feature image
फोटो- धड़ल्ले से नकल करते बच्चे

Bikaner News: बीकानेर जिले के नोखा कस्बे के माडिया गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में चलती परीक्षा में लापरवाही सामने आई। 16 मार्च को 11वीं कक्षा के इतिहास विषय का पेपर चल रहा था, लेकिन उस समय कक्षा में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। इसी का फायद उठाकर छात्रों ने खुलेआम एक-दूसरे की कॉपियां देखकर नकल शुरू कर दी।

वीडियो में सामने आई हकीकत

आपको बता दें, इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्र एक-दूसरे की उत्तर पुस्तिकाएं लेकर नकल कर रहे हैं। कक्षा में किसी प्रकार की निगरानी नहीं थी, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

जांच में खुली पोल, ड्यूटी पर थी महिला शिक्षिका

जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) किशनदान चारण के अनुसार, मामले की जांच सीबीईओ के माध्यम से कराई गई। जांच में सामने आया कि उस समय एल-वन शिक्षक धापी मेघवाल की ड्यूटी थी, लेकिन वे कक्षा छोड़कर बाहर चली गई थीं। उनकी अनुपस्थिति में ही छात्रों ने नकल की।

विभाग ने लिया एक्शन, शिक्षिका सस्पेंड

जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा विभाग ने संबंधित महिला शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। घटना के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिली। इस पूरे मामले ने सरकारी स्कूलों में परीक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Published on:
18 Mar 2026 02:32 pm