
बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में पारिवारिक रंजिश ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। रीड़ी गांव में शुक्रवार दोपहर एक 60 वर्षीय महिला पर उसके ही भतीजे ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को पहले उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने पर पीबीएम अस्पताल बीकानेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घायल महिला की पहचान गुड्डी देवी (60) पत्नी शंकर वाल्मीकि के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मोमासर बास की रहने वाली है और पिछले कई वर्षों से रीड़ी गांव में रह रही है। घटना के समय महिला का पति और बेटा किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे।
श्रीडूंगरगढ़ थाने के एसआई रतनलाल ने बताया कि तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा की मौजूदगी में अस्पताल में पीड़िता के पर्चा बयान दर्ज किए गए। महिला ने आरोप लगाया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे उसका भतीजा मनीष वाल्मीकि मोटरसाइकिल पर उसके घर पहुंचा। आरोप है कि वह अपने साथ पेट्रोल लेकर आया था और घर पहुंचते ही उसने महिला पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
महिला ने अपने बयान में बताया कि आरोपी के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया। आग लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल श्रीडूंगरगढ़ के उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका उपचार जारी है। पुलिस का कहना है कि महिला के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे पारिवारिक रंजिश की बात सामने आई है। जांच के दौरान सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। साथ ही आरोपी की तलाश भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।