
AI Photo Blackmailing Case: फर्जी खबरें प्रकाशित करने, AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक सामग्री के जरिए ब्लैकमेलिंग करने के आरोप में गिरफ्तार रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन को अदालत से राहत नहीं मिली है। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 FIR दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन पर एक न्यूज पोर्टल की आड़ में भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। इन खबरों के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने की कोशिश की जाती थी। आरोप है कि AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार की जाती थी। इसके बाद इन तस्वीरों और खबरों को फैलाने की धमकी देकर संबंधित लोगों से पैसे मांगे जाते थे। इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो मिले हैं। फिलहाल इन डिजिटल सबूतों की बारीकी से जांच की जा रही है।
ताजा जानकारी के मुताबिक, पुलिस दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर आई और उसे अदालत में पेश किया गया। वहीं, ब्लैकमेलिंग के इस मामले में जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने उसे राहत देने से इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 10 FIR दर्ज हैं। इन मामलों में दोनों पर कई तरह की धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
इनमें होटल पर अवैध कब्जा, जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामले और फर्जी सौदों के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए की ठगी, कोयला कारोबारियों और SECL में ठेका दिलाने का झांसा देकर पैसे लेने तथा रकम वापस मांगने पर धमकी देने के आरोप भी हैं। AI से तैयार तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग का मामला भी इनमें शामिल है।
दीपक टंडन का नाम इससे पहले पूर्व DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आ चुका है। फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।