
Bilaspur Snake Bite: बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में सर्पदंश की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जहरीले सांप के डसने से 12 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान ग्राम कड़ार निवासी शनि कुमार सूर्यवंशी की बेटी अनु कुमारी के रूप में हुई है। अनु सातवीं कक्षा में पढ़ाई करती थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात अनु अपनी मां के साथ घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। रात के दौरान अचानक उसे सांप के डसने का अहसास हुआ। घबराई हुई अनु ने तुरंत अपनी मां को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में छात्रा की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उसकी हालत गंभीर होती देख परिजन उसे इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने छात्रा की जांच की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने अनु को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बारिश के मौसम में सांपों के घरों और आबादी वाले इलाकों में पहुंचने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। लगातार बारिश और जमीन में नमी के कारण सांप सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में घरों, गोदामों, बाड़ों और अन्य स्थानों में घुस जाते हैं। ऐसे में जमीन पर सोने वाले परिवारों के लिए विशेष सावधानी बरतना जरूरी हो जाता है।
ग्रामीण इलाकों में कई परिवार अब भी जमीन पर बिस्तर लगाकर सोते हैं। बारिश के दौरान ऐसे स्थानों पर सोने से पहले आसपास अच्छी तरह जांच करना, बिस्तर और कपड़ों को झाड़कर इस्तेमाल करना तथा घर के आसपास साफ-सफाई रखना जरूरी है।
सर्पदंश की स्थिति में समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। सांप के डसने के बाद घबराने के बजाय पीड़ित को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या घरेलू उपचार के भरोसे समय गंवाने से स्थिति गंभीर हो सकती है। विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा में ही सर्पदंश के लिए उचित उपचार और आवश्यक एंटी-स्नेक वेनम दिया जा सकता है।
बता दें कि कुछ दिन पहले महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से लगे इलाके में भी सर्पदंश की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई थी। धनोरा तहसील के जपटलाई स्थित शासकीय कन्या छात्रावास में रात के समय जहरीले सांप ने छह छात्राओं को डस लिया था। घटना के वक्त सभी छात्राएं हॉस्टल में सो रही थीं। इसी दौरान सांप कमरे में पहुंच गया और वहां सो रही छात्राओं को डस लिया। सांप के डसने के बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई और सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि, इलाज के दौरान तीन छात्राओं की मौत हो गई थी। इस घटना ने भी बारिश के मौसम में हॉस्टल, घरों और अन्य रिहायशी इलाकों में सर्पदंश के बढ़ते खतरे को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।