बिलासपुर

‘तलाक क्यों नहीं दे रही?’ सवाल पर बढ़ा विवाद, बिलासपुर कोर्ट में पत्नी ने दूसरी शादी का आरोप लगाया तो पति ने पीटा

Family Court Bilaspur: बिलासपुर फैमिली कोर्ट में काउंसिलिंग के दौरान तलाक और दूसरी शादी को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। आरोप है कि हवलदार पति ने पत्नी से मारपीट की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Family Court Bilaspur
Family Court Bilaspur: ‘तलाक क्यों नहीं दे रही?’(photo-patrika)

Family Court Bilaspur: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में कुटुंब न्यायालय परिसर में मेडिटेशन काउंसिलिंग के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक हवलदार पति ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। महिला के अनुसार, काउंसिलिंग के दौरान तलाक और दूसरी शादी को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। विवाद बढ़ने पर पति ने कथित तौर पर पत्नी के साथ मारपीट कर दी। घायल महिला ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Bilaspur News: कुटुंब न्यायालय में चल रही थी काउंसिलिंग

सिविल लाइन क्षेत्र निवासी सरोज जोशी के अनुसार, कुटुंब न्यायालय बिलासपुर के अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश के आदेश पर उनके और उनके पति संजय जोशी के बीच मेडिटेशन काउंसिलिंग निर्धारित की गई थी। अदालती आदेश के पालन में सरोज काउंसिलिंग के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों के बीच वैवाहिक विवाद को लेकर बातचीत शुरू हुई।

‘तलाक क्यों नहीं दे रही?’ सवाल पर बढ़ा विवाद

काउंसिलिंग के दौरान पति संजय जोशी ने कथित तौर पर सरोज से पूछा कि वह तलाक क्यों नहीं दे रही हैं। इस पर सरोज ने आरोप लगाया कि संजय ने उनसे तलाक लिए बिना ही दूसरी महिला मनीषा सिंह से शादी कर ली है। महिला का यह भी आरोप है कि उसे भरण-पोषण की राशि नहीं दी जा रही है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

विवाद के बाद मारपीट का आरोप

सरोज के मुताबिक, दूसरी शादी की बात सामने आने के बाद संजय जोशी कथित तौर पर उत्तेजित हो गए और उन्होंने उनके साथ मारपीट कर दी। घटना में महिला को चोटें आने की बात कही गई है। इसके बाद सरोज ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

महिला की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा सकती है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। दूसरी शादी और मारपीट से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
20 Aug 2026 01:45 pm
Published on:
20 Aug 2026 01:45 pm