बिलासपुर

Bilaspur News: तड़के गुंडे-बदमाशों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, 250 अपराधी रडार पर, 80 पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई

Bilaspur News: बिलासपुर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शनिवार तड़के पुलिस ने बड़े पैमाने पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ करते हुए गुंडे-बदमाशों और आदतन अपराधियों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
2 min read
सुबह-सुबह पुलिस का बड़ा प्रहार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
सुबह-सुबह पुलिस का बड़ा प्रहार (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bilaspur News: बिलासपुर जिले के शनिवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की टीमें एक साथ अलग-अलग इलाकों में दबिश देने पहुंचीं। गुंडे-बदमाशों और आदतन अपराधियों के घरों व ठिकानों पर अचानक छापेमारी की गई। पुलिस ने घरों की बारीकी से तलाशी ली, संदिग्ध गतिविधियों की जांच की और कई लोगों को थाने लाकर पूछताछ भी की। इस बड़े अभियान के तहत जिले भर में ऐसे 250 अपराधियों की सूची तैयार की गई है, जो पहले से ही गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं। इनमें अवैध हथियार, मारपीट, धमकी, और संगठित अपराध से जुड़े लोग शामिल हैं।

पुलिस अब इन सभी की हर गतिविधि पर नजर रख रही है और लगातार उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। सिर्फ छोटे-मोटे बदमाश ही नहीं, बल्कि खनिज माफिया, ड्रग नेटवर्क, भू-माफिया और शराब तस्करी से जुड़े लोगों की भी अलग सूची बनाई गई है। पुलिस पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है और पिछले एक साल की गतिविधियों का विश्लेषण कर फिर से सक्रिय हुए गिरोहों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

नेटवर्क तोड़ने की रणनीति, सिर्फ औपचारिकता नहीं

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि, पुलिस इस अभियान को केवल रूटीन कार्रवाई नहीं मान रही, बल्कि इसे अपराधियों के पूरे नेटवर्क को तोड़ने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। लगातार दबिश, निगरानी और डेटा विश्लेषण के जरिए अपराधियों की गतिविधियों को पहले ही चरण में रोकने की कोशिश की जा रही है।

कड़ी चेतावनी: अब संपत्ति भी होगी जब्त

पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर चिन्हित अपराधी फिर किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए, तो सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति भी जब्त की जाएगी। इस कदम से अपराधियों पर आर्थिक चोट करने की भी तैयारी है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कई इलाकों में बदमाशों में खौफ का माहौल देखा गया। पुलिस का मानना है कि इस तरह के अभियान से न सिर्फ अपराध पर अंकुश लगेगा, बल्कि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा।

हथियार रखने वालों पर भी शिकंजा

अवैध हथियार रखने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल 80 लोगों के खिलाफ आम्र्स एक्ट व बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है, आने वाले दिनों में और सख्त कदम उठाए जाएंगे।

रजनेश सिंह, (डीआईजी) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आदतन बदमाशों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की जा रही है। हमारा उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि अपराध को जड़ से खत्म करना है। जो लोग दोबारा अपराध में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आने वाले समय में इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Updated on:
26 Apr 2026 01:19 pm
Published on:
26 Apr 2026 01:19 pm