23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Crime News: भाजपा पार्षद के भाई को जमकर पीटा, डीजे गाड़ी हटाने को कहा तो वारदात को दिया अंजाम, थाने में हंगामा

Crime News: रायगढ़ में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब डीजे गाड़ी हटाने को कहने पर भाजपा पार्षद के भाई के साथ जमकर मारपीट कर दी गई।

2 min read
Google source verification
भाजपा पार्षद के भाई पर हमला (प्रतीकात्तमक तस्वीर)

भाजपा पार्षद के भाई पर हमला (प्रतीकात्तमक तस्वीर)

Crime News: रायगढ़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला निकलकर सामने आया है। यहां भाजपा की महिला पार्षद त्रिनिषा चौहान के भाई पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के विरोध में बुधवार को महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति और भाजपा पार्षद कोतवाली थाने पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

जानें पूरा मामला

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 31 की भाजपा पार्षद त्रिनिषा चौहान मंगलवार रात अपने परिवार के साथ देवांगन धर्मशाला में एक शादी कार्यक्रम से लौट रही थीं। वापस लौटते समय मेन रोड पर कुछ युवकों ने डीजे की गाड़ी सडक़ पर खड़ी कर रखी थी। जब पार्षद के भाई ने गाड़ी हटाने को कहा, तो इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। 5-7 लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।

पार्षद त्रिनिषा चौहान ने बताया कि आरोपियों ने छड़ और बांस से हमला किया, जिससे उनके भाई के सिर, चेहरे और जबड़े में चोटें आईं। उन्होंने यह भी बताया कि मारपीट के दौरान जातिगत गाली-गलौज भी की गई। त्रिनिषा चौहान ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसको लेकर नारेबाजी भी की जा रही थी।

कोतवाली में चलता रहा हंगामा

महापौर जीवर्धन चौहान ने बताया कि पार्षद के भाई पर जानलेवा हमला किया गया है। महापौर ने पुलिस को बताया कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक कैसे सुरक्षित रहेंगे। महापौर, सभापति और अन्य भाजपा पार्षद बुधवार को घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाने के सामने बैठकर विरोध करने लगे।

आश्वासन के बाद शांत हुआ मामला

काफी देर तक कोई पुलिस अधिकारी उनसे बात करने नहीं आया, तो उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। बाद में पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

इधर कांग्रेस ले रही चुटकी

महापौर व भाजपा पार्षदों के द्वारा कोतवाली में धरना प्रदर्शन किए जाने पर कांग्रेस चुटकी लेते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। कांग्रेस की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि यदि निर्वाचित जनप्रतिनिधि को न्याय के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है तो आम लोगों की क्या हालत होगी।