
Train Schedule Change July 2026: वैद्यनाथ धाम जाने वाली आरक्षित ट्रेन को अंतिम समय में निरस्त किए जाने से नाराज बोल बम श्रद्धालुओं ने सोमवार को रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बोल बम सेवा समिति, छत्तीसगढ़ के नेतृत्व में हजारों श्रद्धालुओं ने रामलीला मैदान से रैली निकालकर रेलवे महाप्रबंधक (जीएम) और मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय का घेराव किया। डीआरएम कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे श्रद्धालुओं ने रेलवे को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी रेल रोको आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को बड़ी संख्या में बोल बम श्रद्धालु तोरवा थाना के पास स्थित रामलीला मैदान में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकाली और जीएम व डीआरएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान श्रद्धालु डीआरएम कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठ गए। श्रद्धालुओं का आरोप है कि रेलवे ने महीनों पहले बैद्यनाथ धाम यात्रा के लिए आरक्षण स्वीकार कर टिकट जारी किए, लेकिन यात्रा से ठीक पहले ट्रेन निरस्त कर दी। इससे हजारों श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्रा प्रभावित हुई और उनकी आस्था को ठेस पहुंची है।
धरने के बाद समिति के प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि निरस्त ट्रेन को तत्काल बहाल किया जाए या सभी आरक्षित यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन अथवा वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं की बाबा वैद्यनाथ धाम यात्रा बाधित न हो। बोल बम सेवा समिति ने रेलवे प्रशासन को सात दिन का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पूरे प्रदेश के शिवभक्तों के साथ व्यापक रेल रोको आंदोलन किया जाएगा। समिति ने कहा कि आंदोलन से उत्पन्न किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।
समिति का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि लाखों शिवभक्तों की धार्मिक आस्था और अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है। जरूरत पडऩे पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
निरस्त की गई आरक्षित ट्रेन को तत्काल पुन: संचालित किया जाए। सभी आरक्षित यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाए। वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भविष्य में श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।
बोल बम सेवा समिति ने रेलवे प्रशासन को सात दिन का समय दिया है। समिति ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश के शिवभक्तों के साथ रेल रोको आंदोलन शुरू किया जाएगा।
समिति का आरोप है कि रेलवे ने महीनों पहले श्रद्धालुओं के आरक्षण स्वीकार कर टिकट जारी किए, लेकिन यात्रा से ठीक पहले ट्रेन रद्द कर दी। इससे बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित हुई और उन्हें आर्थिक व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल में हावड़ा स्टेशन के लिंक केबिन के साथ प्लेटफॉर्म क्रमांक 24 के कमीशनिंग कार्य के लिए 24 से 27 जुलाई तक नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जाएगा। इस अवधि में कुछ ट्रेनें हावड़ा स्टेशन के बजाय शालीमार और सांतरागाछी स्टेशन से संचालित होंगी।
रेलवे के अनुसार 24 और 25 जुलाई को हावड़ा से रवाना होने वाली 12834 हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस अब शालीमार स्टेशन से चलेगी। इसी तरह 24 और 25 जुलाई को सीएसएमटी से रवाना होने वाली 12859 सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस सांतरागाछी स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
वहीं 25 और 26 जुलाई को 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस हावड़ा के बजाय सांतरागाछी स्टेशन से रवाना होगी।24 जुलाई को सीएसएमटी से चलने वाली 12809 सीएसएमटी-हावड़ा मेल एक्सप्रेस भी सांतरागाछी स्टेशन तक ही जाएगी।
रेलवे प्रशासन ने श्रावणी मेला के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी और मधुपुर के बीच 05-05 फेरों के लिए श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन करने का निर्णय किया है। गाड़ी संख्या 08895 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-मधुपुर श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन इतवारी से 01 अगस्त से 29 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 08896 मधुपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी श्रावणी मेला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन मधुपुर से 02 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक प्रत्येक रविवार को परिचालित होगी। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनादगाँव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, बेलपहाढ़ एवं ब्रजराजनगर स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव लेगी। गाड़ी संख्या 08895 इतवारी से तडक़े 04:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 06:00 बजे मधुपुर पहुंचेगी।