Crime News: कार्रवाई से बचने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस पर ही 1.5 लाख रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए वीडियो बना लिया, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
CG Crime News: बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद देर रात अवैध बोर खनन का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने खेत में चल रहे खनन पर कार्रवाई करते हुए दो बोरवेल मशीन जब्त कर ली। हालांकि, कार्रवाई से बचने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस पर ही आरोप लगा दिए।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को ग्राम बिजौर के एक खेत में प्रतिबंध के बावजूद बोर खनन किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची, जहां दो बोरवेल मशीने स्टार्ट थीं। पूछताछ के दौरान वहां मौजूद व्यक्ति पुलिस को गुमराह करने लगा। मामले से तहसीलदार को अवगत कराया गया, जिसके बाद राजस्व विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि जब्त दोनों वाहन बाहरी राज्यों के हैं। एक पर तमिलनाडु (टीएन 34 एडी 1717) और दूसरे पर कर्नाटक (केए 01 एमयू 5590) का नंबर दर्ज है। हालांकि, अब तक वाहनों के वास्तविक मालिक सामने नहीं आए हैं।
कार्रवाई के दौरान एक युवक ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए आरक्षकों पर डेढ़ लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। दूसरी ओर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचते ही वीडियो बना लिया था, इस वजह से आरोपियों के चालाकी काम नहीं आ पाई। वाहनों को थाने लाए जाने के बाद बिल्हा निवासी धर्मेंद्र पात्रे नामक व्यक्ति ने खुद को पत्रकार बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की।
प्रदीप आर्या, टीआई, सरकंडा के मुताबिक, क्षेत्र में अवैध बोर खनन की शिकायत मिली तो तुरंत मौके पर पुलिस टीम पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने पहले दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर झूठे आरोप लगाकर वीडियो बनाने लगे। पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है।
खनिज विभाग ने नदी में आधी रात मारा छापा, रेत खनन में लगी चैन माउंटेन मशीन और 5 वाहन जब्त- खनिज विभाग की छापामार कार्रवाई में रात 1 बजे नदी में रेत खनन (Illegal sand mining) करती चैन माउंटेन मशीन सहित 4 ट्रैक्टर जब्त किया गया है। बता दें कि एमसीबी जिले के भरतपुर ब्लॉक के ग्रामीण अंचल से गुजरी नदी-नालों से अवैध रेत खनन-परिवहन करने की लगातार शिकायत मिल रही है… पूरी खबर पढ़े