Theft News: एसी मिस्त्री के रूप में काम करने वाला एक युवक रात में ‘सीरियल चोर’ बनकर वारदातों को अंजाम देता था। ऑनलाइन जुए की लत और लाखों के कर्ज ने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया।
CG Theft News: बिलासपुर में महीनों से बंद घरों में हो रही सिलसिलेवार चोरियों का आखिरकार खुलासा हो गया। यह कोई साधारण चोर नहीं, बल्कि दिन में एसी मिस्त्री और रात में ‘मास्टरमाइंड’ बनकर वारदात करने वाला शातिर था। पुलिस ने तकनीक, धैर्य और 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस सीरियल चोर को दबोच लिया, जिसकी कहानी अपराध की दुनिया में उतरते एक आम युवक की खतरनाक दास्तान बयां करती है।
शहर में सुनसान मकानों को निशाना बनाकर की जा रही लगातार चोरियों पर आखिरकार पुलिस ने प्रहार कर दिया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में एसीसीयू और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गौरेला निवासी आदतन चोर सूरज काछी (30) को गिरफ्तार किया है।
सूरज की कहानी चौंकाने वाली है। बिलासपुर के मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर वह एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन रिपेयरिंग का काम करता था। इसी बहाने वह कॉलोनियों में घूम-घूमकर घरों की रेकी करता और यह तय करता कि कौन सा मकान कब खाली रहता है। रात होते ही वह अपना असली रूप धारण करता। टोपी, मास्क और अलग-अलग बाइक के साथ। वारदात से पहले वह सीसीटीवी कैमरों और भागने के रास्तों का बारीकी से अध्ययन करता। फिर अंधेरी गलियों से घर में घुसकर ताले तोड़ता, चोरी करता और घर के अंदर ही कपड़े बदलकर पहचान मिटा देता।
घटनाओं के बाद पुलिस ने करीब 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लोकल इनपुट और साइबर सेल की मदद से संदिग्ध की पहचान सूरज काछी के रूप में हुई। आखिरकार वह पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी चोरी के जेवरात को कटनी और अन्य शहरों में बेच देता था या गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रख देता था। रकम सीधे उसके बैंक खाते में जमा होती थी। कई बार वह पुराने सोने को पिघलवाकर नया बनवाता, ताकि पहचान न हो सके।
सूरज ऑनलाइन सट्टा और गेमिंग ऐप्स का आदी था। उसने करीब 30 लाख रुपए जुए में गंवा दिए थे। कर्ज और लत ने उसे अपराध की राह पर धकेल दिया। चोरी से मिली रकम का बड़ा हिस्सा भी वह सट्टे में हार जाता था।
पुलिस ने आरोपी से 252 ग्राम सोना (कीमत 37.80 लाख), 1 किलो 95 ग्राम चांदी (4.87 लाख), स्कूटी, बाइक और घरेलू सामान समेत कुल 45.84 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है। आरोपी ने कुदुदंड, यमुना नगर, नंद विहार, गीतांजलि पार्क, इंद्रसेन कॉलोनी, गुलमोहर पार्क, नेहरू नगर समेत कई इलाकों में चोरी की वारदातें कबूली हैं।