बिलासपुर

प्रेमी से मिलने पहुंची GF, फिर गला दबाकर की हत्या, बिलासपुर पुलिस की सीन ऑफ क्राइम जांच में खुला राज

Murder Case: पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दो साल से प्रेम संबंध में रही महिला अपने प्रेमी से मिलने उसके घर पहुंची थी। दोनों के बीच हुए विवाद के दौरान महिला ने कथित तौर पर प्रेमी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
2 min read
Girlfriend Killed Boyfriend
प्रेमी की हत्या के आरोप में गर्लफ्रेंड गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bilaspur Murder Case: बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत का मामला हत्या निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दो वर्ष पुराने प्रेम संबंध और आपसी विवाद के चलते वारदात हुई। कॉल डिटेल, घटनास्थल की जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। 29 जुलाई को ग्राम कौडिया निवासी चंद्रप्रकाश पटेल का शव घर की बाड़ी में मिला था।

2 वर्ष से थे प्रेम संबंध में

जांच में सामने आया कि मृतक चंद्रप्रकाश पटेल का ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30) से पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन भी महिला अपनी स्कूटी (सीजी-18 ए-2182) से चंद्रप्रकाश से मिलने उसके घर पहुंची थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि जब वह घर पहुंची तो चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था। उसने महिला पर इधर-उधर घूमने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद के दौरान चंद्रप्रकाश ने उसका गला दबाने का प्रयास किया। खुद को छुड़ाने के प्रयास में उसने भी चंद्रप्रकाश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव छोड़कर स्कूटी से हो गई थी फरार

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद महिला घबरा गई। उसने शव को घर की बाड़ी में ही पीठ के बल लिटा दिया और अपनी स्कूटी से मौके से फरार हो गई। इसके बाद अगले दिन शव मिलने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, ग्रामीणों के बयान और मृतक के संपर्कों की जांच की। पूछताछ के दौरान बार-बार एक ही महिला का नाम सामने आने पर पुलिस ने उर्वसी दास महंत को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिले तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम ने सीन ऑफ क्राइम भी किया

सीपत टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि 29 जुलाई को ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की बाड़ी में मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। घटनास्थल का निरीक्षण जिला मुख्यालय की सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी किया।

Updated on:
01 Aug 2026 04:04 pm
Published on:
01 Aug 2026 04:04 pm