NEET 2026: परीक्षा नजदीक आते ही छात्रों में घबराहट और दबाव बढ़ना स्वाभाविक है, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस समय घबराने के बजाय सही रणनीति और शांत दिमाग के साथ तैयारी करना सबसे जरूरी है।
NEET UG 2026:नीट-2026 की परीक्षा अब बेहद करीब है और देशभर के करीब 25 लाख परीक्षार्थी इस बड़ी चुनौती के लिए तैयार हैं। ऐसे समय में सबसे अहम होता है सही रणनीति, मानसिक संतुलन और पेपर पैटर्न की स्पष्ट समझ। लास्ट मोमेंट की तैयारी को लेकर आचार्या इंस्टीट्यूट के फाउंडर संदीप द्विवेदी से खास बातचीत में जानिए कैसे बिना तनाव के बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है। शांत दिमाग, सही रणनीति और आत्मविश्वास। आखिरी समय में घबराने के बजाय स्मार्ट तैयारी और संतुलित दिनचर्या ही आपको सफलता के करीब ले जाएगी।
सवाल: नीट-2026 का पेपर पैटर्न और कुल अंक क्या होंगे?
जवाब: नीट का पेपर कुल 720 अंकों का होता है। इसमें 180 प्रश्न पूछे जाते हैं, हर सही उत्तर के लिए 4 अंक मिलते हैं और गलत उत्तर पर 1 अंक की निगेटिव मार्किंग होती है। फिजिक्स और केमिस्ट्री से 45-45 प्रश्न (180-180 अंक) और बायोलॉजी से 90 प्रश्न (360 अंक) पूछे जाते हैं। बायोलॉजी का वेटेज सबसे ज्यादा होता है, इसलिए इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सवाल: परीक्षा से ठीक पहले छात्रों को किस पर फोकस करना चाहिए?
जवाब: इस समय नया पढऩे के बजाय रिवीजन पर ध्यान दें। खासकर एनसीईआरटी की किताबों को दोहराना बेहद जरूरी है। फॉर्मूले, डायग्राम और महत्वपूर्ण टॉपिक्स को जल्दी-जल्दी रिवाइज करें। साथ ही, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से आत्मविश्वास बढ़ता है।
सवाल: एग्जाम स्ट्रेस को कैसे कंट्रोल करें?
जवाब: सबसे जरूरी है-स्ट्रेस न लें। ज्यादा दबाव लेने से प्रदर्शन पर असर पड़ता है। अगर आप स्पोट्र्स के शौकीन हैं, तो थोड़ा समय उसके लिए निकालें। इससे दिमाग फ्रेश होता है और फोकस बेहतर बनता है। हल्की वॉक या मेडिटेशन भी काफी मददगार साबित हो सकता है।
सवाल: परीक्षा के दिन किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिऐ?
जवाब: टाइमिंग का खास ध्यान रखें और सेंटर पर समय से पहले पहुंचें। पेपर देने से पहले हल्का और पौष्टिक भोजन करें, ताकि एग्जाम के दौरान थकान या असहजता न हो। एडमिट कार्ड और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
सवाल: पेपर अटेम्प्ट करते समय सही रणनीति क्या होनी चाहिए?
जवाब: सबसे पहले उन सवालों को हल करें, जिनमें आप पूरी तरह कॉन्फिडेंट हैं। कठिन सवालों में समय बर्बाद न करें। निगेटिव मार्किंग से बचने के लिए अनुमान से जवाब देने से बचें। समय प्रबंधन बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए हर सेक्शन को संतुलित समय दें।