
स्टूडेंट्स पर रहेगी कैमरे की नजर, (Photo AI)
NEET UG Exam: @पीलू राम साहू। मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस व बीडीएस कोर्स में प्रवेश के लिए रविवार को होने वाली नीट यूजी में विद्यार्थियों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) परीक्षा में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए पिछले साल से वीडियोग्राफी की शुरुआत की थी। अभ्यर्थियों को 3 घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा।
एनटीए की गाइडलाइन के अनुसार छात्रों को परीक्षा केंद्रों में खड़े होकर वीडियोग्राफी करानी होगी। इससे कोई छात्र इनकार भी नहीं कर सकता। बताया जा रहा है कि ये कवायद इसलिए भी की जा रही है कि काउंसलिंग के दौरान अगर गड़बड़ी की शिकायत आए तो इस वीडियो से मिलान किया जाएगा। दरअसल कई बार शिकायतें आती हैं कि परीक्षा किसी छात्र ने दी और काउंसलिंग में दूसरे अभ्यर्थी ने हिस्सा लेकर एडमिशन ले लिया। इस बाद प्रदेश में 42 हजार से ज्यादा छात्र नीट यूजी देंगे।
राजधानी में 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में जैमर लगाए जाएंगे। यही नहीं कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा, जहां पर परीक्षा की निगरानी की जाएगी। हर जिले में कलेक्टर-एसपी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय कमेटी बनाई गई है। जिसकी निगरानी में परीक्षा होगी। कमेटी की जिम्मेदारी है कि पेपर लीक न हो। फर्जी छात्र परीक्षा देने न पहुंचे, इसका भी ख्याल रखना होगा।
परीक्षा दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी। इसके लिए विद्यार्थियों को सुबह 11 बजे सेंटरों में पहुंचना होगा। अभी तक सीबीएसई के निजी स्कूलों को सेंटर बनाया जाता था, लेकिन 2024 में परचा लीक कांड के बाद व्यवस्था बदली गई है। इस बार शासकीय स्कूल-कॉलेजों, यूटीडी, आईआईटी, एनआईटी व बड़े कॉलेजों को सेंटर बनाया जाएगा। पिछले साल दूसरे राज्यों में जो भी पेपर लीक हुए, वे सभी निजी स्कूल थे।
प्रदेश में 2026-27 सत्र के लिए एमबीबीएस की 2730 सीटों पर प्रवेश होने की संभावना है। इस साल 5 सरकारी व एक निजी कॉलेज को मान्यता मिलने की संभावना है। 5 सरकारी कॉलेजों में 50-50 के हिसाब से 250 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, निजी कॉलेज ने एमबीबीएस की 150 सीटों के लिए आवेदन किया है। नए सत्र में 6 मेडिकल कॉलेज खुल सकते हैं और एमबीबीएस की 400 सीटें बढ़ने की संभावना है।
इससे कुल सीटें 2330 से बढ़कर 2730 हो जाएगी। सीटें बढ़ने से कट ऑफ मार्क्स गिरेगा। नए सत्र में बस्तर संभाग में एक और सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू होने की संभावना है। दंतेवाड़ा जिले के गीदम में कॉलेज खुलेगा। इसके अलावा कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, जशपुर सरकारी तथा रायपुर में निजी मेडिकल कॉलेज खुलने की संभावना है।
प्रदेश में नए सत्र के लिए एमबीबीएस की सीटें बढ़ सकती हैं। ये सीटें सरकारी व निजी कॉलेजों में बढ़ने की संभावना है। नीट की तैयारी कर रहे छात्रों को सभी विषयों पर फोकस कर तैयारी करनी चाहिए। सीटें बढ़ने से कट ऑफ गिरेगा, जिससे छात्रों को एडमिशन लेने में आसानी होगी।
Updated on:
02 May 2026 10:48 am
Published on:
02 May 2026 10:46 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
