बिलासपुर

Nepal Flood: कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गईं बिलासपुर की मंजू राय चौधरी की मिली जानकारी, परिजनों से किया संपर्क

Manju Rai Chaudhary: नेपाल में बाढ़-भूस्खलन के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने राहत और निगरानी बढ़ाई। अब तक 9 नागरिकों की जानकारी मिली है, रायपुर के 5 लोग सुरक्षित लौट रहे हैं।
2 min read
Nepal Flood
Nepal Flood: परिजनों से किया संपर्क(photo-patrika)

Nepal Flood: नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और राहत प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के लोगों की स्थिति की लगातार जानकारी जुटाई जा रही है। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार प्रदेश से जुड़े 9 नागरिकों की स्थिति का पता चला है। इनमें रायपुर के 5 नागरिक सुरक्षित हैं और वापस लौट रहे हैं, जबकि बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े 2 नागरिकों के लापता होने की सूचना है।

Nepal Flood News: बिलासपुर की मंजू राय चौधरी की जानकारी मिली

बिलासपुर की 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं। उनके संबंध में परिजनों से संपर्क स्थापित हो गया है। प्रशासन उपलब्ध जानकारी का सत्यापन करने के साथ आवश्यक समन्वय कर रहा है।

रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित

रायपुर के माना क्षेत्र से जुड़े दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत, नारायण सेन, यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे। नेपाल में हालात बिगड़ने के बाद अब वे रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।

बिलासपुर और सरगुजा के दो लोग लापता

प्रदेश से जुड़े दो अन्य नागरिकों के संबंध में अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े इन दोनों लोगों के लापता होने की सूचना सामने आई है। प्रशासन उनके संबंध में जानकारी जुटाने और नेपाल में संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर पता लगाने का प्रयास कर रहा है।

नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय

राज्य सरकार नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ उनके परिजनों को भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा नेपाल प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय बनाए रखा गया है।

हर सूचना पर सरकार की नजर

मुख्यमंत्री के निर्देश पर नेपाल में फंसे या मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद नागरिकों तक आवश्यक सहायता पहुंचे और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों या उनके परिजनों के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1070 और कंट्रोल रूम नंबर 0771-2223471 पर संपर्क किया जा सकता है।

Updated on:
29 Aug 2026 08:25 am
Published on:
29 Aug 2026 08:23 am