
Vande Bharat Express: बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री के घायल होने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सी-1 कोच के शौचालय में हुई। यात्री के शौचालय में जाते ही वहां लगा शेल्फ अचानक उसके सिर पर गिर गया। हादसे में यात्री के सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। वह किसी तरह शौचालय से बाहर निकला और यात्रियों ने इसकी जानकारी TTE को दी। इसके बाद रेलवे स्टाफ ने तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और डॉक्टरों की मदद ली।
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। यात्री बिलासपुर से नागपुर की यात्रा कर रहा था। इसी दौरान वह शौचालय गया, जहां अचानक ऊपर लगा शेल्फ उसके सिर पर गिर गया। चोट लगने के बाद यात्री किसी तरह शौचालय से बाहर आया। यात्रियों ने तत्काल इसकी जानकारी TTE को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर मौजूद TTE और RPF जवान मौके पर पहुंचे। यात्री को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। उसकी स्थिति को देखते हुए TTE ने ट्रेन में अनाउंसमेंट कर यात्रियों से पूछा कि क्या कोई डॉक्टर मौजूद है।
TTE की घोषणा के बाद ट्रेन में सफर कर रहे दो डॉक्टर मदद के लिए आगे आए। उन्होंने RPF जवान और ट्रेन स्टाफ की मदद से घायल यात्री की मरहम-पट्टी की। डॉक्टरों की मौजूदगी से यात्री को ट्रेन के अंदर ही तत्काल चिकित्सा सहायता मिल गई।
ट्रेन के नागपुर पहुंचने के बाद यात्री से दोबारा चिकित्सा सहायता की जरूरत के बारे में पूछा गया। यात्री ने बताया कि उसे ट्रेन के भीतर ही जरूरी चिकित्सकीय सहायता मिल चुकी है और नागपुर में अतिरिक्त चिकित्सा सहायता की आवश्यकता नहीं है।
घटना के बाद रेलवे के सामने ट्रेन के शौचालय में लगे शेल्फ की सुरक्षा और फिटिंग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे ने मामले की जांच कराने की बात कही है। जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि शेल्फ अचानक कैसे गिरा और इसके पीछे तकनीकी या रखरखाव से जुड़ी कोई लापरवाही थी या नहीं।
घटना को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिकायत भी की गई है। शिकायत में हादसे की जानकारी के साथ ट्रेन में डॉक्टर की स्थायी उपलब्धता नहीं होने का मुद्दा उठाया गया। इसके बाद रेल मंडल में भी मामले को लेकर हलचल बढ़ गई है।
वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में यात्री के सिर पर शेल्फ गिरने की घटना ने सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल रेलवे की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।