
Raipur School Violence: रायपुर में स्कूल के बाहर बुलाकर पिटाई(photo-patrika)
Raipur School Violence: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां नौवीं कक्षा के छात्र के साथ कथित तौर पर कुछ छात्रों ने बाहरी युवकों की मदद से मारपीट करवाई। आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया और पीड़ित छात्र को धमकी दी गई कि "हम डॉन हैं, मां वकील है, जज से हमारी सेटिंग है।" घटना के बाद डरे हुए छात्र ने स्कूल छोड़ दिया और परिजनों ने उसकी ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) ले ली। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाठागांव स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का है। बताया गया कि नौवीं कक्षा के छात्र का स्कूल के तीन छात्रों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद उन छात्रों ने स्कूल के बाहर से कुछ युवकों को बुलाया और पीड़ित छात्र को दूसरी जगह ले जाकर उसके साथ मारपीट की।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने छात्र को करीब 20 मिनट तक पीटा। इस दौरान एक युवक पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा। बाद में उसी वीडियो को सोशल मीडिया पर रील के रूप में अपलोड कर दिया गया। वायरल वीडियो में पीड़ित को डराने-धमकाने और खुद को प्रभावशाली बताने जैसी बातें भी सामने आई हैं।
मारपीट के बाद जब छात्र घर पहुंचा तो उसके शरीर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने पूछताछ की, लेकिन भय के कारण उसने घटना की जानकारी नहीं दी। अगले दिन परिवार स्कूल पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत की। आरोप है कि स्कूल प्रशासन की ओर से तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद परिजनों ने छात्र की टीसी लेकर स्कूल से नाम कटवा लिया।
घटना 5 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि कुछ दिनों बाद मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित छात्र के कुछ दोस्तों ने भी दूसरे पक्ष के छात्रों से मारपीट कर दी, जिससे मामला और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
पीड़ित छात्र के परिजनों ने आरोपी छात्रों और बाहरी युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि छात्र ने हाल ही में स्कूल में प्रवेश लिया था और किसी से उसकी विशेष पहचान भी नहीं थी। इसके बावजूद उसे निशाना बनाकर मारपीट की गई और वीडियो वायरल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है और घटना में शामिल छात्रों एवं बाहरी युवकों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। टीआई विनय सिंह बघेल ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है।
Updated on:
09 Aug 2026 12:24 pm
Published on:
09 Aug 2026 12:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
