
AIMIM Dhurandhar 2 Controversy: आदित्य धर निर्देशित और रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर जोरदार कमाई कर रही है और रिलीज के दूसरे दिन तक ही फिल्म ने तकरीबन 250 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। मगर फिल्म के कंटेंट पर लोग दो गुटों में बंट गए हैं। हां कुछ लोग फिल्म को जबरदस्त बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे प्रोपेगेंडा बता रहे हैं। हाल ही में एआईएमआईएम (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने ANI से बात करते हुए 'धुरंधर 2' के निर्माताओं की आलोचना की और कहा कि सरकार को ऐसी फिल्मों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "मैं ऐसी बकवास और प्रोपेगेंडा फिल्म नहीं देखता जो सिर्फ झूठ की बुनियाद पर बनाई गई हो, सिर्फ झूठ दिखाया गया हो। कुछ चवन्नी छाप लोग ऐसे हैं, जो 2 रुपये कमाने के लिए, सिर्फ और सिर्फ नफरत और झूठ फैलाते हैं और उसके सिवा उनको कुछ दिखाना नहीं।'
पठान ने कहा कि उन्होंने फिल्म नहीं देखी है, लेकिन मीडिया के माध्यम से उन्हें पता चला कि यह नोटबंदी के बारे में है। उन्होंने बताया कि उस दौर में पूरा देश कतार में खड़ा था और नरेंद्र मोदी ने कहा था कि नोटबंदी के बाद आतंकवाद खत्म हो जाएगा। लेकिन यह अभी भी मौजूद है।
उन्होंने आगे कहा, "और बस कुछ नहीं, मुसलमानों को नेगेटिव रोल में दिखाओ। पिक्चर बनाओ तो मनोरंजन के लिए पिक्चर बनाओ, असली इतिहास दिखाओ, इंसान को खुश करने के लिए पिक्चर बनाओ। आप नफरत फेलाने के लिए बना रहे हो। कितना नफरत फैलाना चाहते हो इस तरह की गलीच और बकवास पिक्चर बनाकर। ऐसी फिल्मों के ऊपर सरकार को रोक लगानी चाहिए।”
पठान ने आगे चुनौती देते हुए कहा कि अगर फिल्म निर्माताओं में साहस है, तो उन्हें गोधरा फाइल्स, एपस्टीन फाइल्स जैसी फिल्में बनानी चाहिए और यह खुलासा करना चाहिए कि इसमें हरदीप पुरी और अनिल अंबानी की क्या भूमिका थी।
इस बीच, 'धुरंधर द रिवेंज' ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए दूसरे दिन तक तकरीबन 250 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं, फिल्म ने 18 मार्च के पेड प्रीव्यू के जरिए तकरीबन 43 करोड़ रुपये कमा लिए थे। फिल्म की कमाई को देखते हुए ये उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले दिनों में रणवीर सिंह की ये फिल्म कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
'धुरंधर: द रिवेंज', 'धुरंधर' का सीक्वल है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, संजय दत्त, आर. माधवन, सारा अर्जुन, दानिश पंडोर, गौरव गेरा, सलीम सिद्दीकी, मानव गोहिल जैसे कई दिग्गज एक्टर्स दमदार एक्टिंग करते हुए नजर आये हैं।