
Aishwarya Rai Bachchan In Cannes 2026: हर साल कान फिल्म फेस्टिवल में अगर किसी भारतीय अभिनेत्री का सबसे ज्यादा इंतजार होता है तो वो नाम है ऐश्वर्या राय बच्चन। पिछले दो दशक से ज्यादा समय से ऐश्वर्या कान के रेड कार्पेट की पहचान बनी हुई हैं। उनकी एंट्री, ड्रेस, स्टाइल और आत्मविश्वास हमेशा दुनियाभर के कैमरों का ध्यान खींच लेते हैं। लेकिन इस बार कान 2026 की शुरुआत में कुछ ऐसा हुआ जिसने फैंस को हैरान कर दिया।
दरअसल, कान फिल्म फेस्टिवल शुरू होने से पहले लोरियल पेरिस ने अपने ग्लोबल एंबेसडर्स के बड़े-बड़े पोस्टर फ्रांस के मशहूर होटल में लगाए। इन पोस्टर्स में कई इंटरनेशनल स्टार्स के साथ आलिया भट्ट भी नजर आईं, लेकिन ऐश्वर्या राय बच्चन कहीं दिखाई नहीं दीं। बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई।
जैसे ही ब्रांड ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रमोशनल तस्वीरें शेयर कीं, कमेंट सेक्शन में फैंस ने ऐश्वर्या को लेकर सवाल पूछने शुरू कर दिए। कई लोगों ने लिखा कि कान और ऐश्वर्या एक-दूसरे की पहचान बन चुके हैं। कुछ यूजर्स ने कहा कि बिना ऐश्वर्या के कान अधूरा लगता है।
एक फैन ने कमेंट करते हुए लिखा कि वो हर साल ऐश्वर्या राय बच्चन को ही देखने का इंतजार करते हैं क्योंकि उनका स्टाइल अलग ही होता है। फैन ने ब्रांड से अपील की कि अभिनेत्री को और ज्यादा सेलिब्रेट किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चाओं के बीच लोरियल पेरिस ने खुद इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। ब्रांड ने फैन के कमेंट का जवाब देते हुए लिखा कि ऐश्वर्या कभी कान फिल्म फेस्टिवल मिस नहीं करतीं। इस एक लाइन ने इंटरनेट पर नई हलचल पैदा कर दी।
अब फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि भले ही शुरुआती प्रमोशन में अभिनेत्री नजर नहीं आईं, लेकिन वो जल्द ही कान के रेड कार्पेट पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकती हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी एंट्री और लुक को लेकर पहले से ही उत्साहित दिखाई दे रहे हैं।
ऐश्वर्या राय बच्चन का कान से रिश्ता काफी पुराना है। साल 2002 में वो पहली बार फिल्म ‘देवदास’ के प्रीमियर के लिए कान पहुंची थीं। उस दौरान उनके साथ शाहरुख खान और निर्देशक संजय लीला भंसाली भी मौजूद थे। भारतीय सिनेमा के लिए वह पल बेहद खास माना गया था।
इसके बाद साल 2003 में ऐश्वर्या ने पहली बार लोरियल पेरिस की ब्रांड एंबेसडर के रूप में कान रेड कार्पेट पर वॉक किया। तभी से वह लगातार इस ग्लोबल इवेंट का हिस्सा बनती आ रही हैं।
ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपने हर कान लुक से सुर्खियां बटोरी हैं। कभी ट्रेडिशनल भारतीय अंदाज तो कभी ग्लैमरस गाउन, अभिनेत्री ने हर बार फैशन की दुनिया में नया ट्रेंड सेट किया। यही वजह है कि दुनियाभर के फोटोग्राफर्स और फैशन एक्सपर्ट्स उनके लुक का बेसब्री से इंतजार करते हैं।