
Nitesh Tiwari Ramayana Cast: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही भव्य फिल्म ‘रामायण’ का ऑफिशियल टीजर-ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों और फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। जैसे-जैसे फिल्म की रिलीज डेट करीब आ रही है, इसकी स्टारकास्ट से जुड़ी दिलचस्प बातें सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में फिल्म में महर्षि विश्वामित्र का अहम किरदार निभा रहे दिग्गज मराठी और हिंदी अभिनेता अजिंक्य देव ने एक खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि वह फिल्म में किसी और ही किरदार के लिए ऑडिशन देने गए थे।
एक खास बातचीत में अभिनेता अजिंक्य देव ने फिल्म रामायण में अपनी कास्टिंग को लेकर बात की। इस दौरान अजिंक्य देव ने बताया कि लगभग तीन साल पहले जब वह ऑडिशन देने गए थे, तब उन्हें भगवान राम के पिता यानी 'राजा दशरथ' के किरदार के लिए चुना जा रहा था। जो बाद में रामानंद सागर की ऐतिहासिक 'रामायण' में राम का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरुण गोविल को मिल गया।
अजिंक्य देव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, "तीन साल पहले मैंने राजा दशरथ के रोल के लिए ऑडिशन दिया था। लेकिन जब अरुण गोविल जी की एंट्री हुई, तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता था। वह राजा दशरथ के किरदार के लिए एकदम परफेक्ट हैं। इसके बाद मेकर्स ने मुझे महर्षि विश्वामित्र का रोल ऑफर किया, जिसे मैंने तुरंत स्वीकार कर लिया क्योंकि मैं रामायण में इस किरदार की महानता और गंभीरता को अच्छी तरह जानता हूं।"
अजिंक्य देव ने बताया कि जब उनका विश्वामित्र के गेट-अप में लुक टेस्ट हुआ, तो मेकर्स बेहद खुश हुए। उन्होंने माना कि यह किरदार उनकी दमदार पर्सनैलिटी के हिसाब से एकदम सही बैठा। दिल्ली में आयोजित संकल्प इवेंट को याद करते हुए उन्होंने कहा, "सच ही कहा गया है कि रामायण के मुख्य किरदारों को खुद भगवान ही चुनते हैं।"
फिल्म की शूटिंग के अनुभवों को शेयर करते हुए एक्टर ने बताया कि हाई-एंड टेक्नोलॉजी और VFX के साथ काम करना काफी चुनौतीपूर्ण था। उन्हें सेट पर बॉडी मार्कर्स और कम स्पेस के हिसाब से अपनी टाइमिंग एकदम सटीक रखनी पड़ती थी, ताकि बाद में सीजीआई और एडिट के दौरान कोई दिक्कत न आए। इसके लिए उन्होंने विशेष वर्कशॉप्स भी ली थीं।
नमित मल्होत्रा और यश (रॉकस्टार) द्वारा प्रोड्यूस की जा रही इस मेगा-बजट फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम), साईं पल्लवी (माता सीता) और यश (रावण) की मुख्य भूमिकाएं हैं। इसके अलावा सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण), लारा दत्ता (कैकेयी) और रकुल प्रीत सिंह (शूर्पणखा) भी अहम रोल में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता हंस जिमर और ए.आर. रहमान मिलकर तैयार कर रहे हैं। यह महाकाव्य फिल्म नवंबर 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।