Akansha Ranjan Kapoor Eggs Freezing: बॉलीवुड एक्ट्रेस और आलिया भट्ट की अच्छी दोस्त मानी जाने वालीं आकांक्षा रंजन ने कुछ दिन पहले एग्स फ्रीज कराने को लेकर खुलकर बात की थी।
Akansha Ranjan Kapoor Eggs Freezing: बॉलीवुड की यंग अभिनेत्रियों में शामिल आकांक्षा रंजन कपूर इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी निजी सोच और बेबाक फैसलों को लेकर चर्चा में हैं। रिश्तों, करियर और जिंदगी को लेकर खुलकर बात करने वाली आकांक्षा ने अब ऐसा खुलासा किया है जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने 32 साल की उम्र में अपने एग्स फ्रीज करवाने का फैसला लिया था और इस दौरान उन्होंने किसी की सलाह लेना जरूरी नहीं समझा। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।
दरअसल, अभिनेत्री सोहा अली खान के पॉडकास्ट शो में आकांक्षा ने अपनी फर्टिलिटी और भविष्य से जुड़े फैसलों पर खुलकर बात की। उन्होंने एग्स फ्रीज कराने को लेकर बात की। इस बातचीत में उन्होंने बताया कि आमतौर पर वो जिंदगी के छोटे-बड़े फैसलों में दोस्तों और परिवार की राय जरूर लेती हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सिर्फ अपने दिल की सुनी।
आकांक्षा ने कहा कि वह उन महिलाओं को करीब से देख चुकी हैं जिन्हें बाद में मां बनने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यही वजह थी कि उन्होंने समय रहते यह कदम उठाने का फैसला किया। अभिनेत्री के मुताबिक उन्हें लगा कि भविष्य को लेकर तैयार रहना ज्यादा समझदारी भरा होगा।
एक्ट्रेस ने ये भी बताया कि जब उन्होंने अपने करीबियों को इस फैसले के बारे में बताया तो लगभग सभी ने उनका समर्थन किया। यहां तक कि उनके पिता, जिन्हें शुरुआत में इस प्रक्रिया की ज्यादा जानकारी नहीं थी, उन्होंने भी बेटी के फैसले पर भरोसा जताया। आकांक्षा ने मुस्कुराते हुए कहा कि उनके पिता ने आखिर में सिर्फ इतना कहा कि अगर तुम्हें लगता है कि यह सही है, तो आगे बढ़ो।
इस बातचीत के दौरान सोहा अली खान और फर्टिलिटी एक्सपर्ट डॉ. बराक ने भी महिलाओं की प्रजनन क्षमता, मेडिकल साइंस और बदलती लाइफस्टाइल पर चर्चा की। शो में बताया गया कि आजकल कई महिलाएं अपने करियर, निजी जिंदगी और सही समय का इंतजार करते हुए एग फ्रीजिंग का विकल्प चुन रही हैं। हालांकि भारत में अब भी इस विषय पर खुलकर बातचीत कम होती है।