बॉलीवुड

भोजपुरी गाने के मुरीद हुए अक्षय कुमार, ‘वेलकम टू द जंगल’ के इवेंट में हॉलीवुड से बताया बेहतर

फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के नए गाने के लॉन्च पर अक्षय कुमार ने भोजपुरी संगीत की तुलना हॉलीवुड से करते हुए उसे बेहतर बताया है। उन्होंने इस दौरान कहा कि हॉलीवुड वाले इस गाने को सुन नहीं सकते, और सुन भी लिया तो उन्हें कुछ समझ नहीं आएगा। उन्होंने ऐसा कमाल का गाना पहले कभी देखा ही नहीं होगा।
2 min read
Jun 24, 2026
Akshay kumar praises bhojpuri song said Bhojpuri is better than Hollywood
अक्षय कुमार ने भोजपुरी को बताया हॉलीवुड से बेहतर

Akshay Kumar said Bhojpuri is better than Hollywood: बॉलीवुडके 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार (Akshay Kumar) इन दिनों अपनी मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' (Welcome To The Jungle) को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट इसके एक नए और धमाकेदार गाने के लॉन्च इवेंट पर एक साथ नजर आई। इस ग्रैंड इवेंट में जमकर हंसी-मजाक, बेबाक बातचीत और कुछ ऐसे मजेदार बयान देखने को मिले, जिन्होंने सोशल मीडिया पर तुरंत सुर्खियां बटोर लीं। इवेंट के दौरान ही अक्षय ने भोजपुरी और हॉलीवुड की तुलना पर बड़ा बयान दे दिया।

अक्षय कुमार ने भोजपुरी को हॉलीवुड से बेहतर बताया

फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' के गाने में भोजपुरी संगीत का तड़का लगाया गया है। जब मीडिया ने अक्षय कुमार से पूछा कि क्या वह अब भोजपुरी सिनेमा में कदम रखने जा रहे हैं, तो अक्षय ने अपने खास अंदाज में भोजपुरी और हॉलीवुड के बीच एक दिलचस्प तुलना कर डाली। अपनी को-स्टार जैकलीन फर्नांडिस की टांग खींचते हुए अक्षय ने मजाकिया लहजे में कहा, "भोजपुरी तो हॉलीवुड से भी कहीं बेहतर है। मैंने जैकलीन को गाने में यह लाइन इसलिए दी है क्योंकि हॉलीवुड वाले इस गाने को सुन नहीं सकते, और सुन भी लिया तो उन्हें कुछ समझ नहीं आएगा। उन्होंने ऐसा कमाल का गाना पहले कभी देखा ही नहीं होगा।"

"30 कलाकार मिलकर मचाएंगे धमाल"

क्षेत्रीय सिनेमा और भारतीय संस्कृति की तारीफ करते हुए अक्षय ने आगे कहा, "हमें गर्व होना चाहिए कि हमारे देश में इतनी विविधता है। हमारे गाने और फिल्में इतनी अलग-अलग संस्कृतियों से प्रेरित होती हैं, जो दुनिया में कहीं और देखने को नहीं मिलती।" जब अक्षय से फिल्म की विशाल स्टारकास्ट के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, "जहां '3 इडियट्स' जैसी ब्लॉकबस्टर सिर्फ तीन किरदारों के साथ बन गई थी, वहीं हमारी इस फिल्म में 30 से ज्यादा दिग्गज कलाकार हैं। आप खुद सोचिए कि जब इतने सारे लोग मिलकर धमाल मचाएंगे, तो एंटरटेनमेंट का लेवल क्या होगा।"

बाबूराव की वापसी! 'हेरा फेरी 3' पर परेश रावल ने दिया हिंट

इस इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण अभिनेता परेश रावल (Paresh Rawal) रहे, जिन्होंने आखिरकार 'हेरा फेरी' फ्रैंचाइज के भविष्य पर चल रहे सस्पेंस से पर्दा उठा दिया। पिछले कई महीनों से खबरें आ रही थीं कि परेश रावल और मेकर्स के बीच कुछ कानूनी और व्यक्तिगत विवाद चल रहे हैं, जिसके कारण वह 'हेरा फेरी 3' से बाहर हो गए हैं।

इन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए बाबूराव यानी परेश रावल ने मुस्कुराते हुए कहा, "सब कुछ बिल्कुल ठीक है। जब तक हम सब हैं, तब तक हेरा फेरी चलती रहेगी।" उनके इस एक बयान ने साफ कर दिया है कि पुरानी कड़वाहट और कानूनी पचड़े अब पूरी तरह सुलझ चुके हैं, और फैंस एक बार फिर राजू, श्याम और बाबूराव की आइकॉनिक तिकड़ी को बड़े पर्दे पर धमाल मचाते हुए देख सकेंगे।

Published on:
24 Jun 2026 02:33 pm