बॉलीवुड

गणपति विसर्जन के बाद Juhu Beach सफाई करते दिखे अक्षय कुमार, सामने आया वीडियो

Akshay Kumar Video: गणपति विसर्जन के बाद जुहू बीच पहुंचे अक्षय कुमार। सफाई कर जीता लोगों का दिल। सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो।
2 min read
Sep 07, 2025
Akshay Kumar seen cleaning Juhu beach
जुहू बीच पर फैले कूड़े-कचरे को साफ करते दिखे अक्षय (फोटो सोर्स: ANI)

Akshay Kumar Juhu beach: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार रविवार को मुंबई के जुहू बीच पर सफाई अभियान में शामिल होते नजर आए। उन्होंने समुद्र तट की सफाई की और लोगों को स्वच्छता का खास संदेश दिया।

गणपति विसर्जन के बाद जुहू बीच पर फैले कूड़े-कचरे को देखते हुए अक्षय खुद सफाई के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।

अक्षय कुमार ने कहा, “ज्ञान हमें सिखाता है कि हमें हमेशा स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए। हमारे प्रधानमंत्री भी समय-समय पर इस बात पर जोर देते हैं। स्वच्छता सिर्फ सरकार या बीएमसी की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सबकी जिम्मेदारी है।”

अमृता फडणवीस भी स्वच्छता अभियान में हुईं शामिल

इस स्वच्छता अभियान में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस और बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी भी शामिल हुए। इसकी कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में अक्षय कुमार कचरे को थैलों में डालते दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ अमृता और अन्य लोग भी दिखाई दे रहे हैं।

बाढ़ से पीड़ित लोगों के लिए 5 करोड़ रुपए दान

हाल ही में अक्षय कुमार ने पंजाब में आई विनाशकारी बाढ़ से पीड़ित लोगों के लिए 5 करोड़ रुपए दान किए थे। अक्षय कुमार ने लोगों से भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए गुहार लगाई थी।

उन्होंने कहा था, "मैं पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री खरीदने के लिए 5 करोड़ रुपए दे रहा हूं, लेकिन मैं कौन होता हूं, किसी को 'दान' देने वाला? जब भी मुझे मदद का हाथ बढ़ाने का अवसर मिलता है, तो मैं खुद को धन्य महसूस करता हूं। आप भी जितना हो सके, लोगों की मदद करें।"

उन्होंने इसे सेवा बताया था और बाढ़ पीड़ितों के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की थी।

वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार के पास कई फिल्में हैं। उनकी फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा, उनके पास 'भूत बांग्ला' फिल्म भी है, जिसमें वामिका गब्बी और परेश रावल भी हैं। साथ ही उनके पास सुनील शेट्टी और परेश रावल के साथ 'हेरा फेरी 3' भी है।