बॉलीवुड

खामेनेई की मौत पर जश्न मनाने वाली एक्ट्रेस की जान को खतरा, इंटरव्यू में किए खुलासे

Elnaaz Norouzi On Ali Khamenei Death: एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी वही हैं जिन्होंने खामेनेई की मौत पर जश्न मनाया था। अब उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया है और कई खुलासे भी किए हैं। उन्होंने जो कहा उसे सुनकर उनके फैंस भी इमोशनल हो गए हैं।
3 min read
Mar 03, 2026
Ali Khamenei Death Celebrate Elnaaz Norouzi Death Fear said i cannot return to iran
एक्ट्रेस एलनाज को है जान का खतरा

Ali Khamenei Death Celebrate Elnaaz Norouzi: ईरान पर हुए इजरायल-अमेरिका के मिसाइल हमले में ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई का निधन हो गया है। इसी को लेकर एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी ने भगवान का शुक्रिया अदा किया था। जहां पूरा देश रो रहा है वहीं यह एक्ट्रेस बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें आजादी अब मिली है, लेकिन अब एक्ट्रेस ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि इस समय उनकी जान को गंभीर खतरा है और अगर उन्होंने अपने वतन ईरान में कदम रखा, तो वहां की सरकार उन्हें जिंदा नहीं छोड़ेगी।

एक्ट्रेस एलनाज नौरोजी को है जान का खतरा (Ali Khamenei Death Celebrate Elnaaz Norouzi Death Fear)

28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका के साझा मिसाइल हमले में खामेनेई की मौत के बाद एलनाज ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि वह और उनके जैसे लाखों ईरानी इस दिन का पिछले 47 सालों से इंतजार कर रहे थे। एलनाज ने भावुक होते हुए लिखा कि यह जीत ईरान के लोगों की है, जो दशकों से दमनकारी शासन के नीचे दबकर जी रहे थे।

ईरान की सरकार से नहीं लोगों से है प्यार (Elnaaz Norouzi on Ali Khamenei)

'बॉम्बे टाइम्स' को अब दिए एक इंटरव्यू में एलनाज ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा, "जब हम ईरान की बात करते हैं, तो लोग देश और वहां की मौजूदा सरकार (इस्लामिक रिपब्लिक) के बीच फर्क करना भूल जाते हैं। मैं ईरान के लोगों से बेहद प्यार करती हूं, लेकिन वहां के शासन के खिलाफ हूं।"

उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए खुलासा किया कि एक वक्त था जब ईरान के संबंध अमेरिका और इजरायल के साथ बहुत बेहतर थे, लेकिन वर्तमान तानाशाही शासन ने सब बर्बाद कर दिया। एलनाज ने कहा कि यह सिर्फ इस्लामिक रिपब्लिक ही है जो इजरायल को दुनिया के नक्शे से मिटाने की बात करता है, जबकि आम ईरानी शांति चाहता है।

"महसा अमिनी की मौत ने सब बदल दिया" (Elnaaz Norouzi big revealed her family)

एलनाज ने बताया कि वह एक दशक से ज्यादा समय से अपने मुल्क नहीं गई हैं। साल 2022 में जब हिजाब को लेकर महसा अमिनी की पुलिस हिरासत में मौत हुई थी, तब एलनाज ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खामेनेई के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई थी। उसी समय से उनके परिवार को उनकी सुरक्षा की चिंता सताने लगी थी।

उन्होंने कहा, "अगर मैं आज ईरान जाती हूं, तो वे मुझे मार डालेंगे। 2022 के आंदोलन के बाद से ही मैं उनके निशाने पर हूं। वहां आवाज उठाने का मतलब है जेल जाना या मौत। अगर इस युद्ध में कोई भी मासूम नागरिक मारा जाता है, तो उसके लिए मैं सिर्फ अयातुल्ला और उनकी सरकार को जिम्मेदार मानती हूं क्योंकि उन्होंने लोगों की मर्जी के बिना सत्ता पर कब्जा कर रखा है।"

तहखाने से बॉलीवुड तक का सफर

एलनाज की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। उनका जन्म तेहरान में हुआ था, लेकिन हालात बिगड़ने पर जब वह सिर्फ 8 साल की थीं, तो उनका परिवार भागकर जर्मनी चला गया। वहां उन्हें रिफ्यूजी कैंप में रहना पड़ा, जहां खाने के नाम पर घंटों लाइन में लगने के बाद सिर्फ एक अंडा और आलू मिलता था। एलनाज ने बताया कि वह किसी अमीर परिवार से नहीं थीं उनके पैदा होने के वक्त उनके माता-पिता को एक तहखाने में छिपकर रहना पड़ा था।

आज एलनाज भारत में बस चुकी हैं और बॉलीवुड का जाना-माना नाम हैं, लेकिन उनके कई रिश्तेदार अभी भी ईरान में हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर वह चिंतित रहती हैं। उनका मानना है कि जब तक ईरान में मौजूदा सत्ता का अंत नहीं होता, तब तक वह कभी अपने घर नहीं लौट पाएंगी।

Updated on:
03 Mar 2026 11:40 am
Published on:
03 Mar 2026 11:40 am