
सपना चौधरी पर दर्ज हैं 35 केस
Sapna Choudhary : हरियाणा की मशहूर डांसर और 'बिग बॉस' फेम सपना चौधरी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने जो कांटे भरे रास्ते तय किए हैं, उसकी कहानी सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। हाल ही में रियलिटी शो 'द 50' में सपना ने अपनी जिंदगी के उस 'डार्क फेज' का खुलासा किया, जब एक शो के दौरान उनकी जान पर बन आई थी। उनके अचानक किसी ने किस कर दिया था।
सपना चौधरी ने बताया कि स्टेज शोज की दुनिया जितनी चमक-धमक वाली दिखती है, हकीकत में वह उतनी ही खतरनाक है। उन्होंने खुलासा किया कि आज उनके नाम पर करीब 35 कानूनी केस दर्ज हैं। सपना ने कहा, "मेरे कई शोज में भगदड़ मच जाती थी, कुर्सियां चलती थीं और दंगे हो जाते थे। इसी वजह से मेरठ और बड़ौत जैसी जगहों पर आज भी मुझ पर बैन लगा हुआ है। वहां मेरे नाम से शो की परमिशन तक नहीं मिलती।"
सपना ने एक पुरानी घटना याद करते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब उनके पास घर चलाने के पैसे नहीं थे। तभी अचानक आधी रात को एक शो का ऑफर आया। पैसों की तंगी की वजह से सपना ने बिना कुछ पूछे हां कर दी। लेकिन जब वह अपनी मां के साथ लोकेशन पर पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखकर उनके हाथ-पांव फूल गए।
सपना के मुताबिक, "वह एक सुनसान फार्महाउस था। वहां सिर्फ 25-26 टेबलें लगी थीं और हर टेबल पर खुलेआम हथियार (बंदूकें) रखे हुए थे। वहां मौजूद 50-55 लोग किसी जेल से छूटे हुए खूंखार गैंगस्टरों जैसे लग रहे थे। वह किसी की रिहाई का जश्न मना रहे थे।"
सपना ने बताया कि जब वह परफॉर्म कर रही थीं, तब एक शख्स बार-बार उनके करीब आकर कान में कुछ बोल रहा था। शोर की वजह से वह सुन नहीं पाईं, लेकिन माहौल बिगड़ता जा रहा था। जब उनकी मां ने वहां से जाने की विनती की, तो उन लोगों ने धमकी भरे लहजे में कहा कि पैसे लिए हैं तो पूरा डांस करके ही जाना होगा।
खौफनाक मोड़ तब आया जब सपना डांस कर रही थीं और अचानक वही शख्स पीछे से आया और उसने सपना के गाल पर 'किस' (Kiss) कर लिया। इस हरकत से सपना सन्न रह गईं। वह तुरंत स्टेज से उतर गईं और साफ कह दिया कि अब वह और परफॉर्म नहीं करेंगी, चाहे अंजाम जो भी हो।
सपना ने बताया कि उनकी मां ने हिम्मत दिखाई और उन लोगों को खरी-खोटी सुनाई कि किसी की बहन-बेटी को बुलाकर ऐसा बर्ताव करना शोभा नहीं देता। इसके बाद मां सपना का हाथ पकड़कर बाहर की तरफ भागीं। सपना कहती हैं, "जब हम दरवाजे की तरफ बढ़ रहे थे, मुझे लग रहा था कि वह लोग पीछे से गोली मार देंगे। मेरा दिल जोर-जोर से धड़क रहा था। जब हम कार में बैठकर वहां से निकले, तब जाकर सांस में सांस आई।"
Updated on:
02 Mar 2026 11:30 am
Published on:
02 Mar 2026 11:29 am
बड़ी खबरें
View AllTV न्यूज
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
