
Amaal Mallik emotional post on Awarapan 2: इमरान हाशमी की फेमस फिल्म 'आवारापन' के 19 साल पूरे होने के अवसर पर मेकर्स ने आखिरकार 'आवारापन 2' का टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर सामने आते ही सोशल मीडिया पर पुरानी यादें ताजा हो गईं और फैंस ने फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करनी शुरू कर दी। इसी बीच, म्यूजिक कंपोजर आमाल मलिक का एक पोस्ट भी सुर्खियों में है, जिसने फिल्म के म्यूजिक को लेकर लोगों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।
निर्माता विशेष भट्ट ने फिल्म का टीजर साझा करते हुए इसकी रिलीज डेट 14 अगस्त 2026 घोषित की। बता दें, टीजर में एक्टर इमरान हाशमी एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आते हैं। वीडियो का माहौल पहली फिल्म की याद दिलाता है और इसमें इमोशनल और नॉस्टैल्जिक टोन को प्रमुखता दी गई है। हालांकि कहानी की ज्यादा झलक नहीं दिखाई गई, लेकिन विजुअल्स और बैकग्राउंड माहौल ने फैंस का ध्यान खींचा है।
बता दें, टीजर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में आमाल मलिक ने लिखा कि अब वो उस दिन का इंतजार कर रहे हैं, जब फिल्म का म्यूजिक एक बार फिर लोगों को प्यार करने पर मजबूर कर देगा। इसके साथ ही उन्होंने लिखा,"हर जगह से मुझे निकाल तो लोगे, मगर मेरे Amaalians के दिल से कैसे निकाल पाओगे? #AnjaaneSafarPar."
सिंगल आमाल मलिक का ये X नोट तेजी से वायरल हो गया। फैंस इसे सिर्फ फिल्म के म्यूजिक को लेकर उत्साह ही नहीं, बल्कि उनके निजी सफर और अपने चाहने वालों के प्रति इमोशनल जुड़ाव के रूप में भी देख रहे हैं। कई यूजर्स ने कमेंट कर उम्मीद जताई कि अगर आमाल इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बने, तो 'आवारापन' की तरह इसका म्यूजिक भी लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
फिल्म का टीजर फिलहाल कहानी से ज्यादा भावनाओं और यादों पर आधारित नजर आता है। यही वजह है कि दर्शक अब इसके ट्रेलर और खासकर म्यूजिक एल्बम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।