
Amaal Mallik Post: मशहूर फिल्म 'हीरो' के सुपरहिट गाने 'मैं हूं हीरो तेरा' के क्रेडिट को लेकर सलमान खान फिल्म्स (SKF) और अमाल मलिक के बीच छिड़ा विवाद अब बेहद तीखा रूप ले चुका है। सोशल मीडिया पर खुद को और उनके परिवार को निशाना बनाए जाने पर अमाल मलिक ने एक्स पर एक लंबा-चौड़ा और कड़ा बयान जारी कर अपनी भड़ास निकाली है। अमाल ने अपने छोटे भाई अरमान मलिक पर तंज कसने वाले ट्रोलर्स को चेतावनी दी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके परिवार के खिलाफ एक शब्द भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ था जब 'हीरो' फिल्म की एनिवर्सरी पर सलमान खान फिल्म्स ने एक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें गाने के संगीतकार अमाल मलिक का नाम तक नहीं लिखा गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी।
अमाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कुछ गुमनाम प्रोफाइल उनके भाई अरमान मलिक को सिर्फ इसलिए निशाना बना रहे हैं क्योंकि अरमान ने अपने भाई का समर्थन किया था। गाने की पूरी कहानी बयां करते हुए 'बिग बॉस 19' के प्रतियोगी रहे अमाल ने लिखा, "आपकी जानकारी के लिए बता दूं- मेरे और गीतकार कुमार सर के बिना यह गाना वजूद में ही नहीं आता। अरमान ने इसका मुख्य वर्जन गाया था, जिसे सुनकर ही इसे मंजूरी मिली थी। उसके बाद सलमान सर ने अपना वर्जन गाया। मैंने कभी इस बात से इनकार नहीं किया कि सलमान सर के चेहरे और आवाज के बिना यह गाना इस मुकाम पर नहीं पहुंचता, लेकिन क्रेडिट छीनना गलत है।"
इंडस्ट्री की राजनीति और नेपोटिज्म के तानों पर अमाल ने लिखा कि उनके दादाजी ने 76 साल पहले संगीत की इस यात्रा की शुरुआत की थी और उन्होंने और उनके भाई ने अपने पिता (डब्बू मलिक) के सपनों को पूरा करने के लिए अपनी जिंदगी दी है।
अपनी नाराजगी जताते हुए अमाल ने लिखा, "म्यूजिक का #SRK हूं मैं, मगर गुस्सा मेरा सलमान खान और संजय दत्त जैसा है! दूसरों के साथ ये सब चलता होगा, लेकिन डब्बू मलिक और उनकी फैमिली के साथ बिल्कुल नहीं। जो भिड़ना चाहता है अपने जोखिम पर भिड़े।"
अपने ट्वीट के आखिर में अमाल मलिक ने ट्रोल्स और इंडस्ट्री के लोगों को सीधे लहजे में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जो लोग भी उनके परिवार को सोशल मीडिया पर गालियां दे रहे हैं या नीचा दिखा रहे हैं, वह उनके IP एड्रेस का पता लगाकर उनकी लोकेशन निकालेंगे और व्यक्तिगत रूप से हर एक के खिलाफ FIR दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि एक बड़े बेटे और बड़े भाई के नाते वह अपने परिवार की ढाल बनकर खड़े हैं और उनसे पंगा लेने से पहले लोग तीन बार सोच लें।