
Amitabh Bachchan blog: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने ब्लॉग की वजह से चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने किसी फिल्म या शूटिंग का जिक्र नहीं किया, बल्कि अस्पताल, सर्जरी और ICU को लेकर लिखा, जिन्हें पढ़कर उनके फैंस भावुक हो गए और चिंता में आ गए। 83 साल के अभिनेता ने बताया कि ऑपरेशन के बाद घर लौटना जितना आसान दिखता है, असल में उतना होता नहीं है।
अमिताभ ने लिखा, "अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौटना सबसे कठिन दौर होता है। यह सिर्फ शरीर की नहीं, बल्कि मानसिक और व्यवहारिक परीक्षा भी होती है। आप खुद को एक मजबूत इंसान मानते हैं, लेकिन एक दिन ऐसा आता है जब हार आपके सामने खड़ी होती है। यही जिंदगी का सबसे मुश्किल समय होता है।"
अमिताभ बच्चन ने आगे लिखा कि हर व्यक्ति इस स्थिति से अलग-अलग तरीके से लड़ता है। कुछ लोग हिम्मत नहीं हारते और लगातार आगे बढ़ने की कोशिश करते हैं, जबकि कुछ परिस्थितियों से समझौता कर लेते हैं। बिग बी ने लिखा, "जो लोग हिम्मत बनाए रखते हैं, वही असली चैंपियन होते हैं। वहीं कुछ लोग अपनी पुरानी यादों के सहारे जिंदगी जीते रहते हैं। दोनों रास्ते अलग हैं और दोनों में कुछ भी गलत नहीं है। सबसे जरूरी बात है खुश रहना।"
वहीं, ब्लॉग पोस्ट के कुछ देर बाद ही अमिताभ बच्चन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक छोटा-सा लेकिन रहस्यमयी पोस्ट भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, "Game is over! But work still continues यानी गेम खत्म हो गया है लेकिन काम अभी भी जारी है।" इस पोस्ट ने फैंस की चिंता और बढ़ा दी है। कमेंट सेक्शन में हजारों लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। किसी ने लिखा, "जल्दी ठीक हो जाइए सर", तो किसी ने कहा, "आपका स्वस्थ रहना हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी है।"
बता दें, मई 2026 में भी अमिताभ बच्चन के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि बाद में उनके करीबी सूत्रों ने साफ किया था कि वह सिर्फ नियमित हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल गए थे और उसी दिन घर लौट आए थे।
स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद अमिताभ बच्चन अपने काम से कोई समझौता नहीं कर रहे हैं। वह लगातार फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं और इन दिनों 'कल्कि 2898 AD' के सीक्वल की शूटिंग भी कर रहे हैं। इसके अलावा 'कौन बनेगा करोड़पति (KBC) का 18वां सीजन 10 अगस्त 2026 से शुरू होने जा रहा है। जिसकी कुछ झलकियां अमिताभ बच्चन ने अपने पोस्ट में शेयर की हैं।