
AR Rehman son AR Ameen Health Update: ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान (A.R. Rahman) के बेटे और सिंगर ए.आर. अमीन (A.R. Ameen) सोमवार तड़के चेन्नई में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। जैसे ही ये खबर सामने आई सोशल मीडिया पर तहलका मच गया, उनके प्रशंसक बेहद चिंतित हो उठे। हर कोई उनकी सलामती की दुआ करने लगा। अब खुद उनकी बहन खतीजा रहमान (Khatija Rahman) ने सोशल मीडिया पर उनकी सेहत का अपडेट शेयर किया और बताया है कि कैसे ये हादसा हुआ और बताया कि अमीन अब ठीक हैं और लोगों के भी रिएक्शन आ रहे हैं।
खतीजा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भाई अमीन के एक्सीडेंट की हेल्थ अपडेट दी। उन्होंने इस खबर के बाद आए फैंस और शुभचिंतकों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने इस घटना के बारे में फैल रही गलत जानकारी को भी ठीक करने की कोशिश की। खतीजा ने लिखा, "आपकी सभी शुभकामनाओं, प्रार्थनाओं और चिंता के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। भगवान की कृपा से अमीन सुरक्षित है और ठीक है।" उन्होंने आगे बताया कि कैसे ये पूरा एक्सीडेंट हुआ।
खतीजा के मुताबिक, "अमीन पैसेंजर सीट पर बैठे थे और उनका दोस्त गाड़ी चला रहा था। वह दोनों तड़के एयरपोर्ट की तरफ जा रहे थे। तभी जवाहरलाल नेहरू रोड पर ओलंपिया टेक पार्क के पास उनके आगे चल रही एक गाड़ी के ड्राइवर ने ट्रैफिक का लाल सिग्नल तोड़ दिया, जिससे अमीन की कार उससे टकरा गई। भगवान की कृपा से अमीन, उनका दोस्त और दूसरी गाड़ी में बैठा व्यक्ति, सभी सुरक्षित हैं और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।"
सोशल मीडिया पर लोगों ने कमेंट किए। एक यूजर ने लिखा, 'आप ठीक हैं अल्लाह ने आपको बचा लिया।' दूसरे ने लिखा, "आपको देखकर गाड़ी चलानी चाहिए थी।" एक अन्य ने लिखा, "होनी को कोई नहीं टाल सकता।" एक और ने लिखा, "अल्लाह का शुक्र है आप बच गए भाई।"
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह लगभग 3:30 बजे हुआ। हादसे के बाद ए.आर. अमीन और उनके दोस्त को आनन-फानन में निजी अस्पताल लेकर जाया गया। दोनों को काफी ज्यादा नहीं हल्की-फुल्की चोट आई है। जरूरी मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों को छुट्टी दे दी और वह सुरक्षित अपने घर लौट आए है। दूसरी कार में मौजूद यात्री को भी मामूली चोट आई थी, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। फिलहाल अड्यार ट्रैफिक पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज के जरिए दुर्घटना की वजहों की पड़ताल कर रही है।
हादसे की खबर फैलने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें उड़ने लगी थीं। इस पर खतीजा ने मीडिया और न्यूज पोर्टल्स से अपील की कि वह किसी भी सेलिब्रिटी से जुड़ी संवेदनशील घटना को कवर करने से पहले परिवार से सही तथ्यों की पुष्टि कर लें। उन्होंने कहा कि अधूरी या गलत खबरों से परिवार और फैंस को बेवजह परेशानी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है।