
Bhooth Bangla Box Office Collection Day 10: बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार के लिए साल 2026 खुशियों की सौगात लेकर आया है। उनकी हाल ही में रिलीज हुई हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' बॉक्स ऑफिस परधुंआधार कमाई कर रही है। फिल्म ने दस्तक देते ही महज 9 दिनों के अंदर 100 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। दर्शकों से मिल रहे जबरदस्त प्यार को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म अपने दूसरे रविवार यानी 10वें दिन भी शानदार कलेक्शन करने वाली है।
प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने शुरुआती 9 दिनों में कुल 100.90 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसने पहले हफ्ते में 84.40 करोड़ रुपये बटोरे थे। इसके बाद दूसरे शुक्रवार (8वें दिन) को 5.75 करोड़ और शनिवार (9वें दिन) को लंबी छलांग लगाते हुए 10.75 करोड़ रुपये की कमाई की। आज यानी 10वें दिन के शुरुआती रुझानों को देखें तो फिल्म 13 से 15 करोड़ रुपये के बीच बिजनेस कर सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'भूत बंगला' का बजट करीब 120 करोड़ रुपये है। फिल्म जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि अगले एक से दो दिनों में यह न सिर्फ अपना बजट निकाल लेगी, बल्कि मुनाफे की तरफ भी बढ़ जाएगी।
फिल्म की सफलता के पीछे इसकी दिलचस्प कहानी और तगड़ी स्टार कास्ट का बड़ा हाथ है। अक्षय कुमार के साथ फिल्म में तबू, वामिका गब्बी, राजपाल यादव और परेश रावल जैसे मंझे हुए कलाकार हैं। राजपाल यादव और परेश रावल की कॉमेडी टाइमिंग ने फिल्म में चार चांद लगा दिए हैं। 17 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर 'गिन्नी वेड्स सनी 2' से हो रही है, लेकिन 'भूत बंगला' ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है।
फिल्म की कहानी एक रहस्यमयी बंगले के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसकी शूटिंग का बड़ा हिस्सा राजस्थान की खूबसूरत और डरावनी लोकेशंस पर किया गया है। हॉरर के साथ कॉमेडी का जो तड़का प्रियदर्शन ने लगाया है, वह फैमिली ऑडियंस को थिएटर तक खींचने में कामयाब रहा है। कुल मिलाकर, अक्षय कुमार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर कंटेंट दमदार हो, तो बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड टूटना तय है। अब देखना यह होगा कि दूसरे हफ्ते के अंत तक फिल्म और कितने नए कीर्तिमान स्थापित करती है।