
Bhooth Bangla First Review: साल 2026 की मच अवेटेड फिल्मों में शामिल 'भूत बंगला' रिलीज से पहले ही चर्चा का केंद्र बन चुकी है। फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, जबकि इसके पेड प्रीव्यू 16 अप्रैल की रात से शुरू हो रहे हैं। रिलीज से पहले अब इस फिल्म का पहला रिव्यू सामने आया है। अक्षय कुमार, तब्बू और वामिका गब्बी स्टारर इस हॉरर-कॉमेडी फिल्म को देखकर ट्रेड एक्सपर्ट ने क्या कुछ कहा है, चलिए जानते हैं।
इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ तब्बू, परेश रावल, राजपाल यादल, मिथिला पालकर और वामिका गब्बी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। खास बात ये भी है कि इस फिल्म के जरिए एक बार फिर अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की सुपरहिट जोड़ी साथ लौटी है, जिसने पहले भी कई यादगार कॉमेडी फिल्में दी हैं।
साउथ के ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। उन्होंने फिल्म को 4 स्टार देते हुए इसे एक शानदार सिनेमाई अनुभव बताया। उनके मुताबिक फिल्म की कहानी एक रहस्यमयी गांव और वधुसुर नाम की डरावनी कथा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धीरे-धीरे दर्शकों के सामने खुलती है और कहानी में भावनात्मक गहराई भी जोड़ती है।
रिव्यू में खास तौर पर इस बात की तारीफ की गई कि फिल्म केवल डराने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसमें हंसी का भी मजबूत तड़का है। यही संतुलन इसे एक पारिवारिक मनोरंजन फिल्म बनाता है।
रिव्यू में सबसे ज्यादा सराहना अक्षय कुमार की एक्टिंग को मिली है। कहा जा रहा है कि उन्होंने अपने करियर की बेहतरीन परफॉर्मेंसेंस में से एक दी है। वहीं परेश रावल और राजपाल यादव ने भी अपने कॉमिक अंदाज से फिल्म को मजबूती दी है।
फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों का उत्साह साफ नजर आने लगा है। शुरुआती आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी ओपनिंग ले सकती है। अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी पहले भी कई बार दर्शकों को हंसाने में सफल रही है, ऐसे में इस फिल्म से भी उम्मीदें काफी ज्यादा हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि रिलीज के बाद ये हॉरर-कॉमेडी दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है और बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।