Bobby Deol On Stepsister Esha And Ahana Deol: धर्मेंद्र के जाने के बाद जिंदगी में क्या-क्या बदलाव आए, उसे लेकर बॉबी देओल ने कई खुलासे किए। साथ ही उन्होंने पिता के जाने के बाद पहली बार अपनी दोनों सौतेली बहनों संग रिश्तों को लेकर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि पिता के जाने के बाद काफी कुछ बदल गया है। जिसे सुनकर फैंस भी हैरान हो रहे हैं।
Bobby Deol On Esha And Ahana Deol: बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र के जाने का गम उनके परिवार और चाहने वालों के लिए आज भी उतना ही ताजा है। जितना उस दिन था जब उनकी मौत की खबर आई थी। जब धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा, तो भारतीय सिनेमा का एक युग खत्म हो गया। धर्मेंद्र के जाने के बाद उनकी जिंदगी और परिवार खुलकर सामने आया। साथ ही सामने आई परिवार में कलह। जो हमेशा धर्मेंद्र ने सबसे छुपाकर रखी थी।
धर्मेंद्र ने शादीशुदा होते हुए हेमा मालिनी से दूसरी शादी की थी। ऐसे में उनके दोनों बच्चों सनी और बॉबी देओल ने कभी हेमा मालिनी को स्वीकार नहीं किया और अपनी दोनों बहनों ईशा और अहाना से भी हमेशा दूरी बनाए रखी। अब पिता की मौत के लंबे अरसे बाद बॉबी देओल ने अपनी दोनों बहनो संग रिश्तों पर चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि सब रिश्ते बदल गए हैं।
बॉबी देओल ने एस्क्वायर इंडिया' से खास बातचीत की। इस दौरान एक्टर ने माना कि आज भी उनका मन एक बात को लेकर कचोटता है। उन्होंने कहा, "मुझे अक्सर ऐसा लगता है कि काश मैंने पापा के साथ थोड़ा और वक्त बिताया होता। काश मैंने उनसे और सवाल पूछे होते और उनके एक्सपीरियंस को और करीब से समझा होता।"
बॉबी ने बताया कि पिता के निधन के बाद उन्हें जिंदगी का सबसे बड़ा सबक सिखा है और वह है- परिवार की अहमियत। उन्होंने कहा, "अब मैं अपनी पत्नी और बेटों के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताने की कोशिश करता हूं, क्योंकि अब समझ आता है कि शोहरत और दौलत का क्या फायदा, जब उसे देखने वाले अपने ही साथ न हों।"
बॉबी ने भावुक होते हुए बताया कि जब उन्हें पिता की बहुत याद आती है, तो वह इंस्टाग्राम पर उनकी पुरानी रीलें और वीडियो देखते हैं। वह कहते हैं, "पापा कितने खुले दिल के और प्यार से भरे इंसान थे। कभी-कभी उनके वीडियो देखकर ऐसा लगता है जैसे वह सीधे मुझसे बात कर रहे हों।" बॉबी के मुताबिक, पिता के जाने के बाद उनके दोनों बेटों में भी काफी मैच्योरिटी आ गई है और वह अब चमक-धमक के बजाय असल रिश्तों को ज्यादा तवज्जो देने लगे हैं।
इस दुख की घड़ी में सबसे बड़ा बदलाव देओल परिवार के आपसी रिश्तों में आया है। बॉबी ने बताया कि धर्मेंद्र के निधन ने उन्हें उनकी सौतेली बहनों, ईशा देओल और अहाना देओल के और करीब ला दिया है। उन्होंने बहुत ही संजीदगी से कहा, "हम सभी पापा को खोने के दुख से अपने-अपने तरीके से जूझ रहे हैं। कभी-कभी दुख की वजह से हम एक-दूसरे को गलत समझ बैठते हैं। हर किसी को लगता है कि उसका दर्द सबसे बड़ा है, लेकिन वक्त हर जख्म भर देता है। अंत में यह नुकसान ही है जिसने पूरे परिवार को एक-दूसरे के करीब लाकर खड़ा कर दिया है।"
बता दें कि धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को हुआ था और उनकी आखिरी फिल्म 'इक्कीस' उनके निधन के बाद 1 जनवरी को रिलीज हुई थी, जिसमें उनकी अदाकारी की जमकर तारीफ हुई। वहीं, इसी साल भारत सरकार ने धर्मेंद्र को कला के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया है। बॉबी का कहना है कि पिता भले ही दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी सीख और उनका प्यार हमेशा परिवार का मार्गदर्शन करता रहेगा।