
Ranveer Singh Dhurandhar 2 Beats Pathaan: सिनेमा लगातार वैश्विक स्तर पर अपना डंका बजा रहा है और इसी कड़ी में फिल्म 'धुरंधर द रिवेंज' ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। महज 34 दिनों के भीतर इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो हाल के वर्षों में किसी भी भारतीय फिल्म के लिए आसान नहीं रहा। इस उपलब्धि के साथ फिल्म ने 'पठान' को पीछे छोड़ते हुए यूके में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने का रिकॉर्ड बना लिया है।
निर्देशक आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई-थ्रिलर में रणवीर सिंह ने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया है। फिल्म की कहानी, एक्शन और सिनेमाई प्रस्तुति ने न केवल भारत बल्कि विदेशों में भी दर्शकों को आकर्षित किया है। यही वजह है कि रिलीज के पांचवें हफ्ते में भी फिल्म की कमाई स्थिर बनी हुई है और इसका ग्राफ लगातार ऊपर की ओर बढ़ रहा है।
बताया जा रहा है कि फिल्म ने यूके में 34 दिनों के भीतर करीब 4.388 मिलियन पाउंड यानी 55.6 करोड़ की कमाई कर ली है, जो पहले इसी मार्केट में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म 'पठान' के रिकॉर्ड से आगे निकल गई है। फिल्म पठान ने यूके में 54.5 करोड़ की कमाई की थी।
दिलचस्प बात ये है कि फिल्म का प्रदर्शन केवल यूके तक सीमित नहीं रहा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसका कलेक्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। नॉर्थ अमेरिका जैसे बड़े बाजारों में फिल्म तेजी से 30 मिलियन डॉलर के आंकड़े की ओर बढ़ रही है। वहीं भारत समेत दुनिया भर में फिल्म की कुल कमाई 1800 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है, जिसने इसे वैश्विक स्तर पर सबसे सफल भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल कर दिया है।
इतना ही नहीं, इस फिल्म ने कमाई के मामले में 'पुष्पा 2 द रूल', 'केजीएफ: चैप्टर 2', 'एनिमल', 'जवान' और 'पठान' जैसी कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। फिलहाल वैश्विक कमाई के मामले में यह फिल्म सिर्फ 'बाहूबली 2' और 'दंगल' से पीछे बताई जा रही है।
फिल्म की सफलता के पीछे इसकी मजबूत कहानी, हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस और जबरदस्त स्टारकास्ट को अहम माना जा रहा है। दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बनी हुई है, जिससे साफ हिंट मिलता है कि आने वाले दिनों में ये फिल्म और भी नए रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।