
Hasan Jahangir Dhurandhar: पिछले साल रिलीज हुई आदित्य धर की धमाकेदार फिल्म 'धुरंधर' रिलीज हुई थी, जिसमें बॉक्स ऑफिस पर सफलता के कई रिकार्ड्स तोड़ दिये। 'धुरंधर' में मेकर्स ने कई पुराने और पॉपुलर गाने इस्तेमाल किए गए हैं, जिनमें से एक पाकिस्तानी पॉप सॉन्ग 'हवा हवा' था, जिसे गायक हसन जहांगीर ने गाया था। फिल्म में संजय दत्त के किरदार एसपी चौधरी असलम की एंट्री के दौरान बैकग्राउंड म्यूजिक के तौर पर 'हवा हवा' गाने का इस्तेमाल किया गया था।
अब, जहांगीर के एक हालिया इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने दावा किया है कि 'धुरंधर' के निर्माताओं ने फिल्म में उनके गाने का इस्तेमाल करने के लिए उन्हें 50,000 डॉलर यानी लगभग 46 लाख रुपये दिए थे।
फिल्मों में अभी भी इस गाने के इस्तेमाल के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, "एक फिल्म अभी बनी है 300 करोड़ की, और उसने 1100 करोड़ कमा लिए।" जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें इसके लिए कोई पैसा मिला, तो गायक ने कहा, "हां, उन्होंने मुझे 50,000 डॉलर भेजे थे।" उन्होंने आगे कहा कि गाने का इस्तेमाल करने के लिए उनकी अनुमति भी ली गई थी।
इसके आगे उन्होंने बताया कि 'शवा वे नखरा गोरी दा', 'आजाना दिल है दीवाना', 'हवा हवा', और बाकी सभी गानों के लिए मुझे अब पैसे मिलते हैं। पहले कॉपीराइट की कोई व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब जो भी मेरे गाने का इस्तेमाल करता है, वो मुझसे इजाजत लेता है।"
जहांगीर ने आगे बताया कि 'हवा हवा' गाना 40 साल पहले बना था। इसे 1986 में रिकॉर्ड किया गया था और 1987 में रिलीज किया गया था। ख़बरों की माने तो 1987 के बाद से अलग अलग फिल्मों में इस गाने को तकरीबन 10 बार री-क्रिएट किया जा चुका है। गौर करने वाली बात ये है कि जहांगीर ने बेशक एक बड़ा दावा किया है, लेकिन धुरंधर के निर्माताओं ने अभी तक इस बारे में कोई बयान या स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
इस बीच, सभी लोग धुरंधर द रिवेंज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो 19 मार्च, 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म की एडवांस बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है और पेड प्रीव्यू और एडवांस बुकिंग के चलते रिलीज से पहले ही फिल्म तकरीबन 100 करोड़ की कमाई कर चुकी है। इससे ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाने को एकदम तैयार है।