Divya Bharti Death Anniversary: अभिनेत्री दिव्या भारती की आज डेथ एनिवर्सरी है। ऐसे में चलिए आपको उनसे जुड़ी कुछ बातें बताते हैं।
Divya Bharti Death Anniversary: बॉलीवुड की सबसे कम उम्र में सुपरस्टार बनने वाली अभिनेत्रियों में गिनी जाने वाली दिव्या भारती आज भी अपने छोटे लेकिन प्रभावशाली करियर के कारण याद की जाती हैं। उनकी मुस्कान, स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय की सहजता ने उन्हें बहुत कम समय में दर्शकों का चहेता बना दिया था।
लेकिन अचानक हुई उनकी असमय मौत ने पूरे फिल्म जगत को गहरे सदमे में डाल दिया था। अब उनकी पुण्यतिथि के मौके पर उनकी जिंदगी से जुड़ा एक पुराना दावा फिर चर्चा में आ गया है, जिसने फैंस के बीच नई जिज्ञासा पैदा कर दी है।
दिव्या भारती ने अपने करियर की शुरुआत दक्षिण भारतीय सिनेमा से की थी। शुरुआती फिल्म की सफलता के बाद वो तेजी से लोकप्रिय हो गईं और जल्द ही हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भी कदम रखा। यहां भी उनकी एंट्री बेहद धमाकेदार रही और देखते ही देखते वह 90 के दशक की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों की सूची में शामिल हो गईं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बहुत कम समय में उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया और बड़े सितारों के साथ बराबरी की पहचान बनाई।
हालांकि सफलता के शिखर पर पहुंची इस अभिनेत्री की जिंदगी बेहद कम समय में ही थम गई। 5 अप्रैल 1993 को हुई उनकी अचानक मौत ने उनके परिवार, फिल्म इंडस्ट्री और करोड़ों प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया था। उस समय वह लगातार सफल फिल्मों में काम कर रही थीं और उनके पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स भी थे। उनकी मौत के बाद अधूरी रह गई फिल्मों को उस दौर की अन्य अभिनेत्रियों ने पूरा किया, लेकिन दर्शकों के दिलों में दिव्या की जगह हमेशा खास बनी रही।
दिव्या भारती की जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प और रहस्यमयी पहलू उनकी बहन की तरह करीबी रिश्तेदार अभिनेत्री कायनात अरोड़ा के एक बयान से सामने आया था। उन्होंने 'इंडिया डॉट कॉम' एक इंटरव्यू के दौरान बताया कि बचपन में ही एक ज्योतिषी ने दिव्या की कुंडली देखकर उनकी उम्र को लेकर चेतावनी दी थी। परिवार ने लंबे समय तक धार्मिक अनुष्ठान भी कराए, लेकिन बाद में परिस्थितियां बदल गईं और कुछ समय बाद यह दुखद घटना हो गई।
इतना ही नहीं, दिव्या के निधन के बाद उसी ज्योतिषी ने कथित तौर पर ये भी कहा था कि वो दोबारा जन्म लेंगी। ये दावा वर्षों बाद भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। फैंस आज भी इस बात को लेकर उत्सुक रहते हैं कि क्या सचमुच ऐसा संभव हो सकता है या यह केवल एक संयोग भर है।
दिव्या भारती ने बेहद कम समय में जिस तरह से सफलता हासिल की, वो अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने लगभग तीन वर्षों के भीतर कई सफल फिल्मों में काम किया और उस दौर की स्थापित अभिनेत्रियों माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी और जूही चावला जैसी बड़ी सितारों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। आज भी उनकी फिल्में और गाने दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।
उनकी असमय विदाई के बावजूद दिव्या भारती की चमक कभी फीकी नहीं पड़ी। हर साल उनकी पुण्यतिथि पर फैंस उन्हें याद करते हैं और उनकी यादें एक बार फिर ताजा हो जाती हैं। यही वजह है कि तीन दशक बाद भी उनका नाम बॉलीवुड के सबसे यादगार सितारों में शुमार किया जाता है।